राजस्थान के अजमेर जिले के सरवाड थाना इलाके में स्थित एक टोल नाके पर टोल कर्मी ने जब टैक्स मांगा तो उसे सबक सिखाने के लिए कथित अपराधी ने हथियार दिखा कर उसे मुर्गा बना दिया। घटना सोमवार की है। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में चार टोल कर्मी मुर्गा बना हुए दिख रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक सरवाड क्षेत्र के एक अपराधी धनसिंह और उसके तीन अन्य साथी कार से टोल नाके पर पहुंचे। टोलकर्मी द्वारा टोल मांगे जाने पर उन्होंने हथियार दिखा कर उसे धमकाया और मुर्गा बनने के लिए कहा।
पुलिस के अनुसार धनसिंह के साथ एक पूर्व टोलकर्मी भी था जिसे प्रबंधन ने पिछले दिनों टोल नाके से हटा दिया था। पुलिस धनसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है। फिलहाल इस सम्बध में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
धन सिंह अजमेर जिले का गैंगस्टर है और उसके खिलाफ 32 केस दर्ज हैं, जिसमें लूट, डकैती और अवैध हथियार रखना शामिल है।