इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में बुधवार (27 मार्च) को मुंबई इंंडियंस (MI) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मैच में रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह पर निगाहें होंगी। रोहित शर्मा और मुंबई इंडियंस के लिए यह मैच खास होगा। बुमराह भी इतिहास रचने के करीब हैं। हैदराबाद में सनराइजर्स के खिलाफ मैच रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में 200वां मैच होगा। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए वह 200वां मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी होंगे। वहीं आईपीएल में 150 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय तेज गेंदबाज बनने से बुमराह केवल 2 विकेट दूर हैं।

IPL 2024 SRH vs MI Live Score: Watch Here

2011 में एक होनहार युवा खिलाड़ी के तौर पर फ्रेंचाइजी से जुड़ने के बाद से रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस के साथ सफर शानदार रहा है। रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए 199 मैचों में 5,084 रन बनाए हैं। उनकी औसत 29.38 और स्ट्राइक रेट 129.85 का है। उनके नाम एक शतक और 34 अर्द्धशतक हैं। 2013 में रिकी पोंटिंग से कप्तानी की बागडोर लेते हुए रोहित ने मुंबई इंडियंस को अभूतपूर्व सफलता दिलाई।

रोहित शर्मा ने 10 साल में 5 बार चैंपियन बनाया

रोहित शर्मा ने 10 वर्षों (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) में पांच आईपीएल खिताब जीते और दो बार प्लेऑफ में जगह बनाई। आईपीएल के 2024 से पहले नेतृत्व की कमान हार्दिक पंड्या को सौंपी गई। अब देखने वाली बात होगी कि रोहित का प्रदर्शन इस माइलस्टोन मैच में कैसा रहता है। मुंबई इंडियंस के लिए 50वें मैच में सिर्फ 8 रन बनाए थे। 100वें मैच में 4 रन बनाए थे। 150वें मैच में 5 रन बनाए थे।

जसप्रीत बुमराह इतिहास रचने से 2 कदम दूर

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जसप्रीत बुमराह 2 विकेट लेने में सफल रहे तो वह इतिहास रचने में सफल होंगे। भुवनेश्वर कुमार के बाद वह आईपीएल में 150 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय तेज गेंदबाज बन जाएंगे। बुमराह पिछले साल आईपीएल में नहीं खेले थे। आईपीएल 2024 में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी।