लुइसियाना के दक्षिणपूर्व में स्थित सनसेट इलाके में गोलीबारी करते हुए एक पुलिस अधिकारी की हत्या कर दी और एक महिला को धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसे बाद में मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा उसने दो अन्य लोगों को भी घायल कर दिया।
हमलावर सनसेट स्थित स्टोर में अपनी कार से आया और खुद को स्टोर के अंदर बंद कर लिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जब उसने स्टोर छोड़ने से इनकार कर दिया तो अधिकारियों ने आंसू गैस के गोले छोड़े। बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया।
घटना में सनसेट पुलिस अधिकारी हेनरी विल्सन (51) की घटनास्थल पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अधिकारियों ने वहां तीन महिलाओं को भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। इनमें से एक शामेका जॉनसन (40) को बाद में मृत घोषित कर दिया गया। उनकी बहन सुर्ले जॉनसन (34) लैफेटे जनरल हॉस्पिटल में गंभीर हालत में थी। दोनों सनसेट के पास स्थित शहर ग्रैंड कोटेउ में अंतरिम मेयर के रूप में कार्यरत शैटेरल जॉनसन की बहनें हैं।
लुइसियाना के गवर्नर बॉबी जिंदल ने ट्विटर के जरिये प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘जानकारी सामने आ रही है। हम सनसेट में हालात का निरीक्षण कर रहे हैं और प्रार्थना कर रहे हैं।’’ राज्य के पुलिस अधीक्षक माइक एडमंसन ने कहा कि बुधवार शाम को स्थानीय समयानुसार 04:45 बजे सैनिक लुइसियाना के दक्षिण-पश्चिम में स्थित सनसेट में घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे। सनसेट राजधानी बैटन राउज से 70 मील पश्चिम में स्थित है।
इस घटना से एक ही दिन पहले वर्जीनिया में भी गोलीबारी की एक स्तब्ध कर देने वाली घटना हुई थी। इस घटना में टीवी स्टेशन के ‘नाराज’ पूर्व कर्मचारी ने एक टीवी रिपोर्टर और कैमरामैन को टीवी पर हो रहे सीधे प्रसारण के दौरान ही गोली चलाकर मार डाला था। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली थी, जिससे उसकी भी मौत हो गई।