आम तौर पर शादी में वर या वधू को लोग तोहफे देते हैं। पाकिस्तान में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे को दिया गया तोहफा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। दरअसल इस शादी में एक महिला ने दूल्हे को एके-47 राइफल गिफ्ट किया। दूल्हे को राइफल गिफ्ट कर रही इस महिला का जो वीडियो सामने आया है उसमें नजर आ रहा है कि यह महिला दूल्हे के करीब जाती हैं उन्हें गले से लगाती हैं। इसके बाद एक शख्स महिला को एके-47 थमाता है। यह महिला इस राइफल को दूल्हे को गिफ्ट करती है। दूल्हा खड़ा होकर यह गिफ्ट कबूल करता है। वीडियो में आसपास के लोगों की आवाज सुनाई दे रही है। यह सभी यह गिफ्ट देख कर जश्न मनाने लगते हैं। एके-47 के साथ महिला और दूल्हे की तस्वीर भी खींची जाती है।

आईपीएस अधिकारी अरुण बोथरा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि ‘ ‘उपहार और खुशियां… हमारे आस-पड़ोस की मानसिकता, जिसने हमारे चारों तरफ इतना खून बहाया है।’ किसी शादी समारोह में दूल्हे के असॉल्ट राइफल भेंट करना अपनेआप में असामान्य है। कई शादियों में बंदूक से हवाई फायरिंग जरुर की जाती है। कई बार इस फायरिंग की वजह से कई घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

पड़ोसी मुल्क में शादी समारोह के दौरान ऐसा गिफ्ट दिये जाने के बाद ट्विटर पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कई लोग इसे आतंकवाद से जोड़ कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं तो कुछ लोगों ने लिखा कि ‘गरीब देश के अमीर लोग’। एक यूजर ने तो यहां तक लिखा कि ‘यहीं वजह से पाकिस्तान आतंकवाद का केंद्र बन गया है।’

ये वीडियो पाकिस्तान के कराची में रहने वाले आदिल अहसान नाम के एक ट्विटर यूजर ने सबसे पहले पोस्ट किया था। उसने ट्विटर के बायो में खुद को समा टीवी का पत्रकार बताया है। यह भी कहा जा रहा है कि जिस महिला ने यह राइफल गिफ्ट की है वो दूल्हे की सास हैं।