ऑस्ट्रेलिया में एक महिला ने संसद के अंदर अपने साथ दुष्कर्म किये जाने का आरोप लगाया है। महिला के इन आरोपों के बाद यहां खलबली मच गई है। देश के प्रधानमंत्री Scott Morrison ने खुद इस मामले में पीड़ित महिला से माफी मांगी है। इतना ही नहीं उन्होंने इस मामले में पूरी जांच-पड़ताल कराए जाने का भरोसा भी महिला को दिया है। पीड़ित महिला का आरोप है कि उनके साथ रक्षा मंत्री Linda Reynolds के कार्यालय में मार्च 2019 में दुष्कर्म किया गया।
महिला के मुताबिक आरोपी सत्तारुढ़ Liberal Party के लिए काम करता है। पीड़िता ने यहां स्थानीय मीडिया से बातचीत में बताया कि घटना के बाद अप्रैल के महीने में उन्होंने उस साल पुलिस से बातचीत की थी। लेकिन उन्होंने अपने करियर को देखते हुए इस वारदात के खिलाफ शिकायत नहीं दर्ज कराई थी। इस बात की पुलिस ने भी पु्ष्टि की है।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने रक्षा मंत्री के कार्यालय के एक वरिष्ठ स्टाफ को इस बारे में जानकारी दी थी। लेकिन इसके बाद उन्हें एक बैठक में आने के लिए कहा गया जहां उन्हें अपमानित किया गया। अब इस मामले में प्रधानमंत्री ने हस्तक्षेप किया है और इसकी जांच कराए जाने की बात कही है। पीएम ने कहा कि ‘ऐसा नहीं होना चाहिए था, मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। मैं सभी महिलाओं को यह आश्वस्त करना चाहता हूं कि जो भी यहां काम कर रही हैं उन्हें पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी।’
प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने कैबिनेट के अधिकारी Stephanie Foster को कार्यस्थलों में मिलने वाली ऐसी शिकायतों से निपटने के लिए नियुक्त किया है। कार्यालयों में काम करने की संस्कृति की भी जांच की जाएगी।बता दें कि महिला के आरोप के बाद मॉरिसन पर दबाव बढ़ गया था और लिबरल पार्टी के भीतर महिलाओं के प्रति अनुचित व्यवहार के आरोपों की श्रृंखला बढ़ती जा रही थी।
साल 2019 में कुछ महिला सांसदों ने आरोप लगाया था कि उन्होंने उस वक्त के प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल को पद से हटाने का समर्थन किया था तो उन्हें परेशान किया गया।
