राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सर्जियो गोर को भारत के लिए अपना अमेरिकी राजदूत घोषित कर दिया है। सर्जियो दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत की भूमिका भी निभाने जा रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस फैसले की जानकारी दी है। सर्जियो को ट्रंप का खास माना जाता है, व्हाइट हाउस में भी उनकी अहम भूमिका रहती है।

जानकारी के लिए बता दें कि वर्तमान में सर्जियो व्हाइट हाउस के प्रेसिडेंशियल पर्सनेल ऑफिस के डायरेक्टर हैं, अब वे स्थायी रूप के लिए भारत के राजदूत रहने वाले हैं। इससे पहले तक एरिक गार्सेटी भारत के लिए अमेरिका की तरफ से राजदूत बनाए गए थे, लेकिन 7 महीने से यह पद खाली चल रहा था। अब सर्जियो भारत में अमेरिका के 26वें राजदूत रहने वाले हैं।

कौन हैं सर्जियो गोर?

राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर इस बारे में लिखा कि मुझे बहुत खुशी हो रही है कि अब से सर्जियो गोर भारत के लिए अमेरिका के राजदूत रहने वाले हैं, वे इसके अलावा दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत की भूमिका भी निभाएंगे। बतौर प्रेसिडेंशियल पर्सनेल ऑफिस के डायरेक्टर उन्होंने फेडरल सरकार के हर विभाग में 4000 राष्ट्रवादी, अमेरिका फर्स्ट नीयत रखने वाले लोगों को रखा था।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि सर्जियो मेरे एक अच्छे मित्र हैं, वे कई सालों तक मेरे साथ रहे हैं। जब मैं राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रचार में व्यस्त था, वे लगातार मेरे साथ रहे, उनकी तरफ से ही मेरी सबसे ज्यादा बिकने वाली किताबों को पब्लिश भी किया गया था। वैसे गोर ने खुद भी अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है। वे लिखते हैं कि मैं राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रर गुजार हूं कि उन्होंने मुझे बतौर भारत का राजदूत चुना। अमेरिका को फिर महान बनाने की मुहिम में हमने अब तक ऐतिहासिक और अप्रत्याशित परिणाम हासिल किए हैं।

सर्जियो गोर का इंडियन कनेक्शन

सर्जियो गोर का जन्म उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंत में हुआ था, मात्र 12 साल की उम्र में उन्होंने अपने माता-पिता के साथ अमेरिका आने का फैसला किया था। अमेरिका के माल्टा में उनका बचपन बीता और पांच साल तक वे वहां पर रहे। सर्जियो की पिता की बात करें तो वे सोवियत मिलिट्री एयरक्राफ्ट डिजाइन इंजीनियर थे। बड़ी बात यह है कि जो IL-76 विमान आज भारत इस्तेमाल करता है, उस पर सर्जियो के पिता ने ही काम किया था। सर्जियो की मां की बात करें तो वे इजरायली मूल की हैं। अपने शुरुआती सालों के बाद सर्जियो गोर ने जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल की और बाद में उनका करियर आगे बढ़ता गया।

सर्जियो के सामने चुनौतियां

वैसे सर्जियो के सामने कई सारी चुनौतियां भी हैं। असल में राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर भारी टैरिफ लगा रखा है, अतिरिक्त टैरिफ भी आने वाला है, ऐसे में सर्जियो कैसे तालमेल बैठाएंगे, किस तरह से वे दोनों ही देशों के बीच में रिश्ते तनाव से मुक्त रखेंगे, यह देखने वाली बात होगी। इसके ऊपर राष्ट्रपति ट्रंप जिस अमेरिका फर्स्ट की बात करते हैं, माना जा रहा है कि गोर उस एजेंडे को भी आगे बढ़ाएंगे।

ये भी पढ़ें- युद्ध प्रभावित गाजा में अकाल की घोषणा