पाकिस्तान में भारत का सबसे बड़ा दुश्मन अबु कताल सिंघी मारा गया है। अब किसने मारा, कैसे मारा, अभी तक इसे लेकर ज्यादा जानकारी नहीं है। लेकिन भारत इसे अपने लिए एक बड़ी राहत के तौर पर जरूर देखता है। अबु उन आतंकियों में शामिल है जिसने जम्मू-कश्मीर में दहशत फैलाने का काम किया था, कई दूसरे आतंकियों को घाटी में हथियार भी यही अबु सप्लाई किया करता था। इसी वजह से NIA ने इसे मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल किया था, कई सालों से उसकी तलाश थी।

अबु कताल सिंघी कौन है?

अबु कताल सिंघी का असली नाम नदीम बताया जाता है। वो लश्कर प्रमुख हाफिज सईद का काफी करीबी था, दोनों का रिश्ता चाचा-भतीजा वाला था। इसके ऊपर खबर तो यह भी है कि हाफिज के लिए उसका राइट हैंड अबु कताल ही था। हाफिज के कई ऑपरेशन्स और मिशन में उसने सक्रिय भूमिका निभाई। इसी वजह से उसका मरना हाफिज के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। पिछले कुछ सालों में हाफिज के कई दूसरे करीबी भी ऐसे ही मारे गए हैं, कॉमन लिंक यह रहता है कि वो सभी भारत के दुश्मन हैं।

अबु ने भारत पर हमले कब किए?

अबु कताल की बात करें तोद भारत में इसने कई हमले किए हैं। ऑन रिकॉर्ड जम्मू-कश्मीर के रियासी में हुए आतंकी अटैक में उसकी भूमिका सामने आई थी। राजौरी जिले के ढांगरी गांव में भी एक आतंकी हमला हुआ था, उसमें भी अबु ने अहम रोल निभाया। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में कई दूसरे हमले हुए, घुसपैठ की कोशिशें हुईं, सभी में सबसे ज्यादा नाम अबु कताल का आया है। कई दूसरे आतंकियों को प्रशिक्षण देने का काम भी अबु ने किया है।

अबु को लेकर एनआईए की जांच भी काफी कुछ बताती है। सीमा पार से जो आतंकी भेजे जा रहे थे, उनमें सबसे ज्यादा अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को शामिल किया गया। ऐसे में अब जब अबु मारा गया है, माना जा रहा है कि उसका तैयार नेटवर्क भी ध्वस्त हो जाएगा।