वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की रिपोर्ट में भारत का झटका लगा है। वैश्विक लैंगिक भेद अनुपात रिपोर्ट 2021 में 156 देशों की सूची में भारत को 140 वां स्थान मिला है। भारत दक्षिण एशिया में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले देशों में तीसरे स्थान पर है। भारत इस मामले में अब अपने पड़ोसी देशों बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और म्यांमार से भी पीछे है।

विश्व आर्थिक मंच द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण एशिया सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों में से एक है, जिसके बाद केवल मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका हैं। अगर भारत के पड़ोसी देशों की बात की जाए तो इस रिपोर्ट में बांग्लादेश 65 वें, नेपाल 106, पाकिस्तान 153 वें, अफगानिस्तान 156, भूटान 130 और श्रीलंका 116 वे स्थान पर है। दक्षिण एशिया में केवल पाकिस्तान और अफगानिस्तान ही भारत से नीचे है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में आर्थिक भागीदारी और अवसर के क्षेत्र में भी गिरावट आयी है। रिपोर्ट के अनुसार इस क्षेत्र में लैंगिक भेद अनुपात 3 प्रतिशत से बढ़कर 32.6 फीसदी तक पहुंच गया है। रिपोर्ट के अनुसार महिला श्रम बल भागीदारी दर 24.8 प्रतिशत से गिर कर 22.3 प्रतिशत है। इसके साथ ही पेशेवर और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका घटकर 29.2 प्रतिशत हो गयी है।

रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा गिरावट राजनीतिक सशक्तिकरण संबइंडेक्स में देखने को मिल रही है। इसमें महिला मंत्रियों की संख्या में फिर से 13.5 प्रतिशत की कमी आयी है। साल 2019 में यह 23.1 प्रतिशत हुआ करती थी तो वही अब यह घटकर 9.1 प्रतिशत रह गयी है।

बताते चलें कि WEF सार्वजनिक और निजी सेक्टर्स के बीच एंकर की भूमिका निभाता है। यानी विचारों के आदान प्रदान का कार्य करता है। यह दुनिया का ध्यान सभी तरह के वैश्विक मुद्दों की तरफ आकर्षित करता है। इसके साथ ही फोरम समाज के सभी वर्गों की बात को इस सोच के साथ उठाता है कि भविष्य में इसका समुचित समाधान निकल सके।