राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन उम्मदवारी की दौड़ में शामिल सीनेटर मार्को रूबियो ने मंगल के महादंगल (सुपर ट्यूज्डे) से पहले वर्जीनिया में अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला। राज्य में अपने सिलसिलेवार भाषणों में 44 वर्षीय रूबियो ने ट्रंप के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि वर्जीनिया में मंगलवार को रूबियो के पास जीत का सर्वश्रेष्ठ अवसर है।

पिछले कुछ वर्षों में वर्जीनिया में भारतीय-अमेरिकी आबादी में वृद्धि हुई है, खासकर आईटी क्षेत्र से ताल्लुक रखने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। रूबियो को रिपब्लिकन पार्टी से दो भारतीय-अमेरिकी नेताओं से मिले समर्थन से उनके खेमे को लगता है कि यह वोट हासिल करने में उनकी मदद करेगा। लुसियाना के पूर्व गवर्नर बॉबी जिन्दल ने सबसे पहले इस महीने के शुरू में रूबियो का समर्थन किया था, वहीं साउथ कैरोलाइना की गवर्नर निक्की हैली ने इस महीने के शुरू में राज्य के प्राइमरी से पहले उनका समर्थन किया।

रूबियो ने आरोप लगाया कि न्यूयार्क के अरबपति ट्रंप खुद से बने व्यक्ति नहीं हैं जैसा वह दावा करते हैं। उन्हें अपने पिता से 10 करोड़ डॉलर विरासत में मिले। लेकिन हंट्सविले अलबामा में ट्रंप ने आंकड़े पर यह कहा कि उन्हें 10 लाख डॉलर मिले थे जिसे उन्होंने एक अरब डॉलर में तब्दील कर दिया।

रूबियो ने कहा, ‘‘अब हमें न सिर्फ डोनाल्ड ट्रंप को रोकने के लिए, बल्कि कंजर्वेटिव आंदोलन को बचाने के लिए भी शक्ति प्रदर्शन करना है।’’ उन्होंने ट्रंप को ‘‘ठग कलाकार’’ करार दिया। रूबियो ने ‘मार्को, मार्को’ चिल्ला रहे दर्शकों की हर्षध्वनि के बीच कहा, ‘‘मैं कंजर्वेटिव आंदोलन को डोनाल्ड ट्रंप नाम के किसी ठग कलाकार के हाथों में नहीं जाने देना चाहता।’’

राज्यभर में कई रैलियों को संबोधित करते हुए रूबियो ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में डेमोक्रेटिक पार्टी में सबसे आगे चल रहीं हिलेरी क्लिंटन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘हिलेरी क्लिंटन अमेरिका की राष्ट्रपति बनने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने कानून तोड़ा। वह सोचती हैं कि वह कानून से ऊपर हैं। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।’’

ट्रंप न सिर्फ राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में सबसे आगे चल रहे हैं, बल्कि 11 सुपर ट्यूज्डे राज्यों में से 10 राज्यों में भी आगे चल रहे हैं। टेक्सास में उनका स्थानीय सीनेटर टेड क्रुज से कड़ा मुकाबला है। रीयलक्लीयरपॉलिटिक्स डॉट कॉम के अनुसार वर्जीनिया में रूबियो ट्रंप से लगभग 14 अंक पीछे हैं।