Ukraine Russia Crisis: यूक्रेन के खिलाफ रूस के मिलिट्री ऑपरेशन शुक्रवार को राजधानी कीव के पास पहुंच गया। रूसी राष्ट्रपति पुतिन की अगुवाई वाला देश आज भी हवाई हमले को जारी रखा। मिली जानकारी के अनुसार रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बने एक हवाई अड्डे पर कब्जा कर लिया है। वहीं पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन की सत्ता, वहां की सेना अपने हाथ में ले ले।
उधर यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के 1000 से अधिक सैनिकों की मौत अब तक इस हमले में हो चुकी है। जहां यूक्रेन की सेना के साथ भीषण लड़ाई जारी है। वहीं वहां फंसे नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार लगातार कोशिश कर रही है। सरकार नागरिकों को निकालने के लिए हंगरी और रोमानिया की मदद ले रही है। वहीं रूस की तरफ से भी बातचीत में रूचि दिखाई गई है, लेकिन इसके लिए यूक्रेन की सेना को लड़ाई रोकनी होगी।
वहीं, संकटग्रस्त यूक्रेन किसी भी हालत में फिलहाल झुकने को राजी नहीं है। यूक्रेनी नेता से लेकर कमांडर तक साफ कर चुके हैं कि वे झुकेंगे नहीं। वे लड़ेंगे। हालांकि, यूक्रेन ने इस संकट की घड़ी में नाटो, अमेरिका और दुनिया के अन्य देशों की ओर से अपनाए जा रहे शांत रुख को लेकर खुद को अकेला भी बताया है।
बताया जा रहा है कि यूक्रेन की राजधानी कीव में 40 मिनट के भीतर 35 से अधिक मिसाइल अटैक हुए हैं। इससे लोगों के बीच दहशत का माहौल पनप गया है। साथ ही पश्चिमी यूक्रेन के शहर लीव के मेयर ने अपील की है कि लोग बाहर न निकले। वे अपने घरों में ही रहें।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि रूस यूक्रेन पर "कब्जे" करने की योजना नहीं बना रहा है और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आह्वान के जवाब में यूक्रेनी बलों द्वारा "अपने हथियार डालने" के तुरंत बाद वार्ता करने के लिए तैयार है। रूसी शीर्ष राजनयिक ने यह टिप्पणी डोनेट्स्क पीपुल्स रिपब्लिक (डीपीआर) के उप विदेश मंत्री सर्गेई पेरसाडा और लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक (एलपीआर) के विदेश मंत्री व्लादिस्लाव डेनेगो के साथ बातचीत के बाद की।
यूक्रेन के विन्नित्सिया मेडिकल कॉलेज में फंसे भारतीय छात्र सदफ जरीन ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि भारतीय छात्रों को आज निकाला जाना था, लेकिन योजना कारगर नहीं हुई। उसने फोन पर बताया- “हमें स्टेशन पहुंचने के लिए कहा गया था लेकिन ट्रेन रद्द कर दी गई थी। हम वापस अपने छात्रावास लौट आए। हम शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से थक चुके हैं। हमारी एकमात्र आशा भारत सरकार है। हम सरकार से हमें बचाने की अपील करते हैं।”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि यूक्रेन से निकाले गए लोगों का पहला जत्था सुसेवा सीमा से रोमानिया पहुंच गया है। सुसेवा में विदेश मंत्रालय की टीम अब इनके बुखारेस्ट की यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी।
रॉयटर्स के अनुसार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेनी सेना से कहा है कि वो सत्ता अपने हाथों में लें। वहीं रूस और यूक्रेन की सेनाओं के बीच अभी लड़ाई जारी है और रूसी आर्मी यूक्रेन की राजधानी कीव के पास पहुंच चुकी है।
यूक्रेन में स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि शुक्रवार को 470 से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर निकलेंगे और पोरबने-सिरेट सीमा के माध्यम से रोमानिया में प्रवेश करेंगे। इन्हें निकासी के लिए पड़ोसी देशों में ले जा रहे हैं। वहीं भीतरी इलाकों से आने वाले भारतीयों को स्थानांतरित करने के प्रयास जारी हैं।
द न्यू यॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन के विदेश मंत्री ने रूसी सेना पर एक किंडरगार्टन और एक अनाथालय पर हमला करने का आरोप लगाया है।
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार यूरोपीय संघ यूक्रेन पर आक्रमण करने के कारण रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री लावरोव से जुड़ी यूरोपीय संपत्तियों को फ्रीज करने के लिए सहमत हो गया है।
इंडियन एयरफोर्स के प्रवक्ता विंग कमांडर आशीष मोघे ने कहा है कि भारतीय वायु सेना यूक्रेन से अपने नागरिकों की निकालने के लिए किसी भी आवश्यकता के लिए तैयार है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि उसके बलों ने यूक्रेन की राजधानी कीव से सिर्फ 7 किमी दूर, उत्तर-पश्चिम में रणनीतिक होस्टोमेल हवाई अड्डे पर कब्जा कर लिया है। वहां रूस के पैराट्रूप्स उतरे हैं। मंत्रालय ने दावा किया कि रूसी सेना ने पश्चिम से कीव तक पहुंच के रास्ते को अवरुद्ध कर दिया और पूर्वी यूक्रेन में अलगाववादी ताकतों ने रूसी सेना के समर्थन से यूक्रेनी सेना पर हमला किया है। वहीं रूसी सेना ने कहा कि वह कीव के रिहायशी इलाकों पर हमला नहीं करेगी।
भारत में रूसी दूतावास ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कीव-क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के साथ बातचीत करने के लिए उच्च पदस्थ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को मिन्स्क भेजने के लिए तैयार हैं।
रॉयटर्स के अनुसार यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि यूक्रेन-रूस संघर्ष में अब तक 1,000 से अधिक रूसी सैनिक मारे गए हैं। दोनों सेनाओं के बीच भीषण लड़ाई जारी है।
यूक्रेन पर आक्रमण पर 'युद्ध के लिए चिंता' व्यक्त करने के लिए पोप ने रूसी राजदूत से मुलाकात की है। वहीं यूरोपीय संघ के प्रवक्ता ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन में 'नाजियों' जैसा व्यवहार कर रहे हैं।
यूक्रेन की सरकार के अनुसार यूक्रेन की सेना ने शुक्रवार को राजधानी कीव की सड़कों पर रूसी आक्रमणकारियों का मुकाबला किया। वहीं राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने मास्को पर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
भारतीय छात्रों का पहला जत्था चेर्नित्सि से यूक्रेन-रोमानिया सीमा के लिए रवाना हो गया है। विदेश मंत्रालय का कैंप कार्यालय अब पश्चिमी यूक्रेन के ल्वीव और चेर्नित्सि शहरों में चालू हैं। अतिरिक्त रूसी भाषी अधिकारियों को इन शिविर कार्यालयों में भेजा जा रहा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन की तरफ से लड़ने के लिए 'लड़ाई के अनुभव' वाले यूरोपी देशों से अपील की है। राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की का कहना है कि पश्चिमी देश, रूस के आक्रमण के खिलाफ यूक्रेन की धीमी मदद कर रहा है।
रूस का कहना है कि वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत से समर्थन की उम्मीद करता है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा रूस की निंदा करने वाले प्रस्ताव पर शुक्रवार को मतदान होने की संभावना है। इस प्रस्ताव में रूसी बलों की तत्काल वापसी की मांग भी की जाएगी।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने पीएम मोदी से यूक्रेन में फंसे युवा मेडिकल छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर वापस लाने में मदद करने का आग्रह किया, उनका कहना है कि उनमें से अधिकांश रूसी सैन्य हमले के बाद हवाई यात्रा की बढ़ी हुई लागत को वहन नहीं कर सकते।
यूक्रेन में फंसे छात्रों को केंद्र सरकार निकालने की कोशिशों में जुटी है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार सरकारी सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को रोमानिया के बुखारेस्ट के लिए दो उड़ानें और शनिवार को हंगरी के बुडापेस्ट के लिए एक उड़ान को भारत सरकार की चार्टर्ड उड़ानों के रूप में संचालित करने की योजना बनाई जा रही है। ताकि यूक्रेन में फंसे छात्रों को इन देशों के सहारे निकाला जा सके।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कहना है कि यूक्रेन की सेना की लड़ाई बंद होने के बाद उनकी सरकार बातचीत के लिए तैयार है। जब तक लड़ाई बंद नहीं होगी बातचीत नहीं की जाएगी।
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि भारत सरकार रोमानिया और हंगरी के रास्ते निकासी मार्ग स्थापित करने के लिए काम कर रही है।
यूक्रेन की सेना के अनुसार रूस की आर्मी राजधानी कीव में उत्तर पूर्व और पूर्व की ओर प्रवेश कर रही है। एएफपी न्यूज एजेंसी के अनुसार यूक्रेन की सेना का कहना है कि राजधानी कीव के बाहर वोे रूसी सेनिकों से लड़ रहे हैं।
रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद वहां हजारों भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र सरकार ने उन्हें निकालने की अपील कर रहे हैं। इसी बीच गुजरात के शिक्षा मंत्री जीतू वघानिक ने कहा है कि गुजरात के करीब 2,500 छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं।
भारत और भूटान में यूरोपीय संघ के राजदूत ने यूक्रेन पर हुए हमले को लेकर कहा है कि यूरोपीय संघ और उसके सदस्य देशों के मिशन के प्रमुख यूक्रेन के राजदूत के साथ एकजुटता से खड़े हैं। यूरोपीय संघ, रूस के अकारण और अनुचित सैन्य हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता है।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने यूक्रेन में फंसे छात्रों और अन्य 'पंजाबियों' को निकालने के लिए विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को पत्र लिखा है। पत्र में चन्नी ने इन्हें सुरक्षित यूक्रेन से निकालने की मांग की है।
रुसी सैन्य वाहन ने यूक्रेन की राजधानी कीव के ओबोलोन शहर में एक व्यक्ति को जानबूझ कर कुचल डाला।
ब्रिटेन के द्वारा रूसी एयरलाइन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद अब रूस ने भी ब्रिटेन के लिए अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूस ने ब्रिटेन में पंजीकृत विमानों के अपने हवाई क्षेत्र में उतरने या उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
रूसी बलों के उत्तर से कीव की तरफ कूच करने की खबरों के बीच यूक्रेन की सेना राष्ट्रीय राजधानी के उत्तर-पश्चिम में दुश्मन फौज से भीषण लड़ाई लड़ रही है। सैन्य अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लड़ाई में कीव से लगभग 60 किलोमीटर की दूरी पर उत्तर-पश्चिम में स्थित इवांकीव में नदी पर बना एक पुल शुक्रवार की सुबह नष्ट हो गया।
यूक्रेन में गृह मंत्रालय के सलाहकार एंतोन गेराशेंको ने टेलीग्राम पर कहा, “आज का दिन सबसे कठिन होगा। दुश्मन की योजना टैंक के जरिये इवांकीव और चेर्निहाइव के रास्ते कीव में दाखिल होने की है। हमारी एटीजीएम (एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल) की चपेट में आने पर रूसी टैंक जलकर खाक हो जाते हैं।’
रूस ने बृहस्पतिवार को तड़के सिलसिलेवार मिसाइल हमलों के जरिये यूक्रेन पर धावा बोल दिया था। मॉस्को ने कीव में कई प्रमुख सरकारी और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था, जिसके तुरंत बाद जमीन पर भी लड़ाई शुरू हो गई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि यूक्रेन में ‘पुतिन ने इस युद्ध’ का विकल्प चुना और अब वह और रूस नए प्रतिबंधों का ‘परिणाम भुगतेंगे’। वहीं, भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने बृहस्पतिवार को कहा कि रूस को यूक्रेन में अपने ''अनावश्यक युद्ध'' से कोई सुरक्षा हासिल नहीं होगी क्योंकि दुनिया भर के लोकतंत्रिक देश निरंकुश सैन्य कार्रवाई का सामना करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ''अनुचित, बिना उकसावे वाला और पूर्व नियोजित आक्रमण'' शुरू करने का रास्ता चुना है। कृष्णमूर्ति ने कहा कि रूस के इस ''मूर्खतापूर्ण'' युद्ध के दौरान अमेरिका को यूक्रेन के लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए जोकि रूस से अपनी मातृभूमि, स्वतंत्रता और स्वशासन के अपने अधिकार की रक्षा कर रहे हैं।
यूक्रेन सेना का कहना है कि वो राजधानी कीव के बाहर रूसी सेना से लड़ रहे हैं। इस बीच, रूस से आए तीन श्रद्धालुओं ने यूक्रेन के साथ जारी अपने देश की लड़ाई खत्म करने तथा शांति बहाल करने के लिए 12वीं शताब्दी में निर्मित भगवान जगन्नाथ के मंदिर में प्रार्थना की। एक महिला सहित तीन रूसी नागरिक ‘‘इंटरनेशनल सोसायटी ऑफ कृष्णा कॉन्शसनेस’’ (इस्कॉन) के सदस्य हैं। यह लोग बृहस्पतिवार को जगन्नाथ मंदिर के लॉयन गेट पर बैठे और यूक्रेन के लोगों की सलामती के लिए पूजा की। इन लोगों को मंदिर में बना महाप्रसाद दिया गया।
मुंबई के जिलाधिकारी राजीव निवतकर ने यूक्रेन में फंसे शहर के निवासियों से सहायता के लिए निर्दिष्ट नंबर और ई-मेल पर सम्पर्क करने की अपील की है। गौरतलब है कि रूस ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू कर दिया जिसके बाद यूक्रेन ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है।
जिलाधिकारी के कार्यालय ने कहा कि छात्रों सहित शहर के कई निवासी यूक्रेन में फंसे हैं। ये सभी लोग 022-22664232 नंबर पर सम्पर्क कर सकते हैं। मुंबई शहर में द्वीपीय जिला और एक उपनगरीय जिला है। विदेश मंत्रालय ने भी यूक्रेन में फंसे नागरिकों के लिए टोल फ्री नंबर 1800118797, टेलीफोन नंबर- 011-23012113 / 23014105 / 23017905 और फैक्स नंबर 011-23088124 जारी किया है। साथ ही, मंत्रालय ने मदद के लिए एक मेल आईडी भी जारी किया है।
बता दें कि यूक्रेन में रूस के मिलिट्री ऑपरेशन के बीच यूरोपीय संघ के नेता करीब छह घंटे चली बैठक के बाद रूस पर और आर्थिक एवं वित्तीय प्रतिबंध लगाने पर सहमत हो गए हैं। यूरोपीय संघ परिषद के अध्यक्ष ने रूस पर यूक्रेन पर अपने आक्रमण को सही ठहराने के लिए ‘‘झूठे और बेकार बहाने’’ बनाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रतिबंधों से रूसी सरकार को नुकसान होगा। इन प्रतिबंधों के कानूनी मसौदे को रात में अंतिम रूप दिए जाने और शुक्रवार को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है।
यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि इसमें 70 प्रतिशत रूसी बैंकिंग बाजार और प्रमुख सरकारी कम्पनियों को निशाना बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि रूस के ऊर्जा क्षेत्र को भी निशाना बनाया जाएगा जिससे उसके लिए ‘‘अपने तेलशोधक कारखानों को अद्यतन करना असंभव हो जाएगा’’। रूस को सॉफ्टवेयर, सेमीकंडक्टर्स आदि की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगेगा।