दुनियाभर की अलग-अलग जेलों में कुल 20,000 पाकिस्तानी नागरिक कैद हैं। यह जानकारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक सामने आई है। ज़्यादातर पाकिस्तानी सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में कैद हैं। एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने गुरुवार को सरकारी रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि जेलों में बंद 68 पाकिस्तानी नागरिकों को आतंकवाद, हत्या और ड्रग तस्करी जैसे अपराधों के लिए मौत की सजा का सामना करना पड़ रहा है। 

कहां कितने पाकिस्तानी कैदी? 

संयुक्त अरब अमीरात में 5,292 पाकिस्तानी कैदी हैं, जबकि  सऊदी अरब में संख्या 10,432 है।  इसके अलावा 463 पाकिस्तानी मलेशियाई जेलों में हैं जबकि  321 ब्रिटेन में और 578 ओमान में बंद हैं। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि इनमें से कई तुर्की, बहरीन, ग्रीस, चीन, संयुक्त राज्य अमेरिका और जर्मनी की जेलों में भी बंद हैं। रिपोर्ट में कहा गया है। 

किसी तरह की मदद तक नहीं मिल पाती 

एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने गुरुवार को सरकारी रिपोर्ट का हवाला देते हुए लिखा, “एक बार जेल में बंद होने के बाद, इन कैदियों को स्थानीय कानूनी व्यवस्थाओं की दया पर छोड़ दिया जाता है, इन्हें उचित कानूनी प्रतिनिधित्व या पाकिस्तानी एम्बेसी से भी खास मदद नहीं मिल पाती है।”

भारत के कैदियों की कितनी है संख्या?

जुलाई 2023 में संसद में सांसद विजय वसंत के एक सवाल के जवाब में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बताया था कि 90 देशों में 8,330 भारतीय कैदी हैं। इनमें दोषी और विचाराधीन कैदी भी शामिल हैं। सबसे ज़्यादा भारतीय अपराधी और विचाराधीन कैदी संयुक्त अरब अमीरात में हैं, जहां 1,611 कैदी हैं। इसके बाद सऊदी अरब का स्थान है, जहां 1,461 कैदी हैं। नेपाल में 1,222 भारतीय कैदी है उसके बाद पाकिस्तान है, जहां 308 कैदी हैं। यूनाइटेड किंगडम में 249, इटली में 157, जर्मनी में 77, साइप्रस में 51 और फ्रांस में 40 भारतीय कैदी हैं। भारत में भी कई देशों के कैदी बंद हैं। इस तरह के मामलों को देश के एम्बेसी के तहत भी सुलझाया जाता है।