Pakistan: पाकिस्तान में मदरसों के मौलवियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक (TikTok) को लेकर फतवा जारी किया है। फतवे में कहा गया है कि टिकटॉक के जरिए अश्लीलता फैलाई जाती है। महिलाओं की अश्लील वीडियो बनाकर उसे प्रसारित किया जाता है। फतवे में महिला और पुरुषों के डांस और गाना गाने की भी निंदा की गई है। यह फतवा कराची में प्रमुख धार्मिक मदरसा जामिया बिनोरिया की ओर से जारी किया गया है। इसमें चीनी एप टिकटॉक के प्रयोग को गैरकानूनी और हराम घोषित कर दिया है।
धर्म का उड़ाया जाता है मजाक – बिनोरिया
जामिया बिनोरिया ने इस बात पर जोर दिया है कि टिकटॉक पर वीडियो में विद्वानों और धर्म का मजाक उड़ाया जाता है। फतवे में बताया गया है टिकटॉक आधुनिक युग का सबसे बड़ा प्रलोभन है। फतवा संख्या (144211200409) में संस्था ने अपने रुख के समर्थन में 10 कारण बताए हैं। मदरसे ने कहा था कि यह अनैतिकता फैलाता है इसलिए यह शरिया में हराम है। एप पर पशुओं की तस्वीरें और वीडियो शामिल किया जाना शरिया में प्रतिबंध माना गया है।
बता दें कि पाकिस्तान में कई बार टिकटॉक पर आंशिक प्रतिबंध भी लगाया गया है। इसे लेकर कहा गया है कि शरिया कानून के हिसाब से टिकटॉक को इस्लाम में हराम माना जाता है। पाकिस्तान में कहा गया कि टिकटॉक पर जो वीडियो बनाए जाते हैं उसमें महिलाएं कम कपड़ों में नजर आती है। महिलाएं हिजाब भी नहीं पहनती हैं। यह इस्लाम के खिलाफ है।