मैक्सिको के एक मेयर ने एक मगरमच्छ के साथ शादी रचाई है। मगरमच्छ को दुल्हन की तरह सजाया भी गया और मेयर ने उसे किस किया। बताया जाता है कि मैक्सिको में यह बहुत पुरानी परंपरा है। मगरमच्छ की उम्र 7 वर्ष बताई जा रही है। यहां पर ऐसी मान्यता है कि मगरमच्छ के साथ शादी करने से मनुष्य परमात्मा के साथ सीधे जुड़ जाता है, क्योंकि मगरमच्छ को धरती माता का प्रतिनिधित्व करने वाला देवता माना गया है।
सैन पेड्रो हुआमेलुला के मेयर विक्टर ह्यूगो सोसा ने गुरुवार को एक सात वर्षीय मगरमच्छ से एक सदियों पुरानी रस्म में शादी कर ली। मेयर ने उस मगरमच्छ को चूमा भी, जिसका मुंह बंद था। परंपरा सदियों पहले ओक्साका राज्य के चोंटल और हुआवे स्वदेशी समुदायों के बीच पूर्व-हिस्पैनिक समय की है, जिसे प्रकृति के प्रतिफल के लिए प्रार्थना करना माना गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार मेयर सोसा ने कहा कि हम प्रकृति से पर्याप्त बारिश, पर्याप्त भोजन के लिए कहते हैं, ताकि हमारे पास नदी में मछलियां हों।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार इस रस्म में मगरमच्छ को सफेद शादी की पोशाक और अन्य रंगीन कपड़े पहनाए जाते हैं। इसे एक छोटी राजकुमारी के रूप में जाना जाता है और इसको धरती माता का प्रतिनिधित्व करने वाला एक देवता माना जाता है। महापौर से उसका विवाह मनुष्यों के परमात्मा के साथ जुड़ने का प्रतीक है।
शादी काफी धूमधाम से संपन्न हुई। स्थानीय लोगों ने मगरमच्छ दुल्हन को अपनी बाहों में ले लिया, ढोल उत्सव के रूप में बज रहा था। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इस वीडियो को अपने टि्वटर हैंडल पर पोस्ट किया है। सोशल मीडिया पर कमेंट के माध्यम से कई लोगों ने प्रतिक्रिया व्यक्त की
सोशल मीडिया पर किसी ने पूछा कि मेरे पास कई सारे सवाल है तो वहीं कईयों ने वीडियो देखने के बाद मगरमच्छ की उम्र को लेकर भी सवाल किया। शादी समारोह को आयोजित कराने वाली महिला ने कहा कि यह बहुत ही सुंदर और पुराना रीत रिवाज है।