Russia School Shooting News: मध्य रूस के एक स्कूल में सोमवार को एक बंदूकधारी ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। इस हमले में सात बच्चों समेत 13 लोगों की जान चली गई है। वहीं हमलावर ने 21 और लोगों को घायल कर दिया है। हमले को लेकर जांच कर रही कमेटी का कहना है कि उदमुर्तिया क्षेत्र में मास्को से लगभग 960 किलोमीटर (600 मील) पूर्व में एक शहर इज़ेव्स्क के एक स्कूल में यह हमला हुआ है। कमेटी का कहना है कि घायलों में 14 बच्चे और 7 वयस्क हैं।

उदमुर्तिया के गवर्नर अलेक्जेंडर ब्रेचलोव ने एक वीडियो बयान में कहा कि हमला करने वाले अज्ञात बंदूकधारी ने भी खुद को गोली मार ली है। गवर्नर ने जानकारी दी कि स्कूल में क्लास एक से ग्यारह तक के बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल में बच्चों की संख्या लगभग 1,000 बताई जा रही है। हमले के चलते इसे खाली करा लिया गया है और इसके आसपास के क्षेत्र को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

जांच करने वाली कमेटी का कहना है कि बंदूकधारी ने “नाजी प्रतीकों” वाली काली टी-शर्ट पहनी हुई थी। हालांकि शूटर ने यह हमला क्यों किया, इसकी सटीक जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि इज़ेव्स्क 640,000 की आबादी वाला शहर है। यह मध्य रूस में यूराल पहाड़ों के पश्चिम में स्थित है।

जांच कमेटी ने कहा कि हमले घायल होने वालों में दो शिक्षक और दो सुरक्षा गार्ड भी शामिल हैं। समिति ने कहा कि घायलों में 14 बच्चे और सात वयस्क हैं। बीबीसी न्यूज के मुताबिक हमलावर स्कूल का पूर्व छात्र था। रूसी मीडिया ने इस हमले को लेकर कुछ वीडियो शेयर किए हैं, जिसमें स्कूल की इमारत के अंदर दहशत के दृश्य देखे जा सकते हैं। सामने आए वीडियो में क्लास के फर्श पर खून और खिड़की में गोली से हुए छेद दिखाई दे रहे हैं। इसमें बच्चे डेस्क के नीचे झुके हुए दिख रहे हैं।

रूस के स्कूलों में इससे पहले भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। इस साल अप्रैल में भी एक हथियारबंद शख्स ने मध्य उल्यानोवस्क क्षेत्र के एक किंडरगार्टन में दो बच्चों और एक शिक्षक की हत्या कर दी थी। इस हमले में शख्स ने खुद को भी गोली मार ली थी।