रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का आज 23वां दिन है। इस दौरान, दोनों देशों के बीच कई राउंड की बैठक होने के बाद भी ये जंग रूकने का नाम नहीं ले रही है। वहीं, रूसी सेना यूक्रेन के शहरों पर बमबारी जारी रखे हुए है। पश्चिमी यूक्रेन के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों को भी अब रूस ने निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को लवीव एयरपोर्ट के पास मिसाइल दागी गईं। लवीव के मेयर ने बताया कि रूस के इस हमले में इमारतों को नुकसान हुआ है, लेकिन एयरपोर्ट सुरक्षित है।
वहीं, इस युद्ध में यूक्रेन की तरफ से रूस को ज्यादा नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया है। कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक इस युद्ध में रूस के 14,200 जवान मारे गए हैं। रूस के 450 टैंकों को तबाह कर दिया गया है। यूक्रेन का दावा है कि रूस के 93 फाइटर प्लेन और 112 हेलीकॉप्टर भी मार गिराए गए हैं।
इसके अलावा, यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के 72 एमएलआर, 205 आर्टिलरी, 879 गाड़ियां, 3 बोट्स और 1435 बख्तरबंद वाहनों को निशाना बनाया गया है और उन्हें बर्बाद कर दिया गया है। यूक्रेन का दावा है कि उसकी सेना ने बड़े पैमाने पर रूसी सेना को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, रूस की तरफ से यूक्रेन द्वारा किए जा रहे इन दावों को खारिज किया जा रहा है।
इस बीच, रूसी सेना ने पूर्वी यूक्रेन के एक कस्बे पर गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत की खबर है और 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं।यह हमला, खारकीव के बाहरी इलाकों में एक स्कूल और एक सांस्कृति केंद्र पर किया गया।
बाइडेन ने पुतिन को “हत्यारा तानाशाह’ करार दिया
उधर यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद अमेरिका लगातार तल्ख तेवर दिखा रहा है। अमेरिका ने चीन को यूक्रेन के खिलाफ रूस की सीधे सहायता करने पर विचार करने को लेकर चेताया है। वहीं, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें ‘हत्यारा तानाशाह’ करार दिया है।