Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच शनिवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बड़ा बयान सामने आया है। पुतिन ने शनिवार को अपने टेलीविजन संबोधन में कहा कि सेना के खिलाफ हथियार उठाने वाला हर कोई गद्दार है। वागनर ग्रुप की रोस्तोव शहर में हुई कार्रवाई के बाद पुतिन देश को संबोधित कर रहे थे।
पुतिन ने कहा कि वागनर समूह के प्राइवेट आर्मी द्वारा किया गया “सशस्त्र विद्रोह” देशद्रोह है, और जिसने भी रूसी सेना के खिलाफ हथियार उठाए हैं, उन्हें दंडित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ रूसी लोगों को आपराधिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए बरगलाया गया है।
रूस का भविष्य दांव पर है: पुतिन
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस का भविष्य दांव पर है। विद्रोहियों की गतिविधियों को उन्होंने ‘पीठ में छुरा भोंकना’ करार दिया। उन्होंने अपने संबोधन में वागनर ग्रुप के बॉस येवगेनी प्रिगोजिन का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ लोगों की ऊंची महत्वाकांक्षाओं ने बड़ी गद्दारी का काम किया है। पुतिन ने कहा कि जो लोग रूसी समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने ये भी कहा कि राजधानी मॉस्को और अन्य कई जगहों पर आतंकवाद विरोधी व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुतिन ने रूस की हिफाजत का वचन देते हुए कहा कि इस संकट से निपटने के लिए सभी जरूरी आदेश जारी कर दिए गए हैं। रूस के प्राइवेट आर्मी समूह वागनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन ने कहा है कि वो ‘रूस के सैन्य नेतृत्व को उखाड़कर ही दम लेंगे।’
मास्को की सेना के खिलाफ हर हद तक जाने को तैयार: प्रिगोजिन
एक रूसी सुरक्षा सूत्र ने शनिवार को रॉयटर्स को बताया कि वागनर के लड़ाकों ने मॉस्को से लगभग 500 किमी (310 मील) दक्षिण में वोरोनिश शहर में सभी सैन्य सुविधाओं पर नियंत्रण कर लिया है। जबकि प्रिगोज़िन ने पहले सैन्य तख्तापलट के प्रयास के आरोपों से इनकार किया था, उन्होंने शनिवार को दावा किया कि उनके वागनर लड़ाके यूक्रेन से रूस की सीमा पार कर गए थे और मॉस्को की सेना के खिलाफ “हर हद तक” जाने के लिए तैयार थे।
इसी बीच रूस से आ रही रिपोर्टों के मुताबिक, येवगेनी प्रिगोजिन ने रोस्तोव-ऑन-डोन शहर में रूस की सेना के दक्षिणी मुख्यालय पर नियंत्रण कर लिया है। एक वीडियो में येवगेनी प्रिगोज़िन मुख्यालय में दाख़िल होते हुए और यहां तैनात सैन्य कमांडरों से हाथ मिलाते हुए दिख रहे हैं। एक वीडियो में येवगेनी प्रिगोजिन ने कहा है कि अगर रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू और जनरल वालेरी गारासिमोव अगर उनसे मिलने नहीं पहुंचते हैं तो वो मॉस्को की तरफ बढ़ जाएंगे।
येवगेनी प्रिगोजिन ने कहा, “हम यहां पहुंच गए हैं। हम सेना प्रमुख और शोइगू से यहां मिलना चाहते हैं। जब तक वो नहीं आएंगे, हम यहीं रहेंगे, रोस्तोव शहर की घेराबंदी करेंगे और फिर मॉस्को की तरफ़ बढ़ जाएंगे।” इसी बीच मास्को को दक्षिणी प्रांतों से जोड़ने वाले अहम हाइवे एम4 को बंद कर दिया गया है।लीपेत्स्क प्रांत के गवर्नर ने इसकी पुष्टि की है। एम4 हाइवे ही रोस्तोव और मॉस्को को जोड़ता है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रिगोजिन ने पहले बिना सबूत दिए कहा था कि रूस के सैन्य नेतृत्व ने हवाई हमले में बड़ी संख्या में उसके सैनिकों को मार डाला है और उन्हें दंडित करने की कसम खाई है।
जानिए क्या है रूस की ‘प्राइवेट आर्मी’ वागनर?
‘वागनर ग्रुप’ को रूस की प्राइवेट आर्मी कहा जाता है। या इसको निजी लड़ाकों की एक सेना कह सकते हैं, जो यूक्रेन युद्ध में रूस की सेना के साथ मिलकर लड़ रही है। युद्ध में लड़ाई के तरीके को लेकर वागनर समूह और रूस की सेना के बीच तनाव बढ़ रहा था।इसी दौरान येवगेनी प्रिगोज़िन रूस के सैन्य कमांडरों के प्रति हमलावर होते जा रहे थे। शुक्रवार को 62 वर्षीय येवगेनी प्रिगोजिन ने रूस की सेना पर अपने लड़ाकों को निशाना बनाते हुए मिसाइल हमला करने के आरोप लगाए। हालांकि उन्होंने इसके सबूत पेश नहीं किए। इसके चीफ येवगेनी प्रिगोजिन हैं।