रूस और यूक्रेन युद्ध जल्द थम सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को दो घंटे से अधिक समय तक फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध के सीजफायर को लेकर चर्चा की। वहीं शांति वार्ता को लेकर भी चर्चा हुई। बातचीत को उपयोगी बताते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि रूस, यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में काम करने के लिए तैयार है।

युद्ध को समाप्त करने के प्रयास सही दिशा में हैं- पुतिन

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप के साथ बातचीत के बाद कहा कि वे यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने के प्रयास सही दिशा में हैं। उन्होंने कहा कि रूस भविष्य में शांति समझौते के लिए एक ज्ञापन पर यूक्रेन के साथ काम करने के लिए तैयार है। वहीं पुतिन ने रूस और यूक्रेन के बीच सीधी वार्ता फिर से शुरू करने के लिए ट्रंप को धन्यवाद दिया और कहा कि ट्रंप ने शांति के लिए रूस के समर्थन पर ध्यान दिया।

पुतिन ने पत्रकारों से कहा, “हम अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ इस बात पर सहमत हुए हैं कि रूस संभावित भावी शांति समझौते पर एक ज्ञापन पर यूक्रेनी पक्ष के साथ काम करने के लिए तैयार है। इसमें कई स्थितियों को परिभाषित किया जाएगा, जैसे कि समझौते के सिद्धांत, संभावित शांति समझौते का समय।”

अवैध इमिग्रेशन से जुड़ी भारतीय ट्रैवल एजेंसियों पर ट्रंप प्रशासन का बड़ा एक्शन, वीजा पर लगाया प्रतिबंध

‘रूस की स्थिति स्पष्ट’

पुतिन ने कहा कि यदि उचित समझौते हो जाते हैं, तो सीजफायर हो सकता है। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच सीधी बातचीत यह विश्वास देती है कि हम आम तौर पर सही रास्ते पर हैं। पुतिन ने यह भी कहा कि मैं यह बताना चाहूंगा कि कुल मिलाकर रूस की स्थिति स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए मुख्य बात इस संकट के मूल कारणों को खत्म करना है। पुतिन ने कहा कि हमें बस शांति की ओर बढ़ने के लिए सबसे प्रभावी तरीके निर्धारित करने की जरूरत है।

जेलेंस्की से भी बात कर चुके हैं ट्रंप

वहीं इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया था कि ट्रंप संघर्ष के दोनों पक्षों से थक चुके हैं और निराश हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप का लक्ष्य युद्धविराम देखना और इस संघर्ष को समाप्त होते देखना है। इससे पहले ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से भी बात की थी।