प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिडनी में मेगा शो संपन्न हो गया। 20 हजार भारतीयों के बीच जब पीएम मोदी गरजे तो उन्होंने ना सिर्फ हिंदुस्तान की विकास यात्रा का जिक्र किया, उनकी तरफ से ऑस्ट्रेलिया के साथ मजबूत होते रिश्तों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पीएम मोदी ने उन्हीं मजबूत रिश्तों को समझाने के लिए तीन शब्दों का कई बार जिक्र किया- CDE।

ये CDE- CDE क्या है?

अब सवाल उठता है कि ये CDE क्या है? पीएम मोदी ने खुद ही अपने संबोधन में इन तीनों ही शब्दों का विस्तृत मतलब बता दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि पहले लोग भारत-ऑस्ट्रेलिया का जब जिक्र करते थे, तब 3C की बात होती थी। ये 3C हैं- कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और करी। 3D के बारे में बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इससे भी हमारे रिश्ते डिफाइन किए जा सकते हैं। ये 3D हैं- डेमोक्रेसी, डायस्पोरा और दोस्ती। इसके बाद 3E को लेकर पीएम ने कहा कि अब भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते 3E से भी समझे जा सकत हैं। ये 3E हैं- एनर्जी, इकोनॉमी और एजुकेशन।

पीएम को पसंद ऑस्ट्रेलिया की चाट

वैसे अपने संबोधन में पीएम मोदी ने इसके अलावा भी कई और मुद्दों पर बात की। उन्होंने भारत में बदलते माहौल का जिक्र किया, कोरोना काल में किए गए काम की जानकारी दी और ऑस्ट्रेलिया के साथ मजबूत होते रिश्तों का भी कई मौकों पर हवाला दिया। पीएम मोदी ने कहा कि अब तो क्रिकेट से लेकर खाने तक ने दोनों देशों के रिश्ते को मजबूत करने का काम किया है। हम दोनों देशों का खाना बनाने का तरीका अलग हो सकता है, लेकिन मास्टर शेफ ने हमे जोड़ने का काम कर दिया है। हम तो दिवाली की रौनक से भी जुड़े हैं और हिंद महासागर भी हमे जोड़ने का काम करता है।

विकसित भारत का सपना, पीएम ने कहा ये

विकसित भारत की बात करते हुए पीएम ने कहा कि जो यहां हर भारतीय का सपना है, वो सपना मेरा भी है, हम सभी मिलकर भारत को विकसित देश बनाने वाले हैं। इसके बाद पीएम मोदी ने भारत की उपलब्धियों को गिनवाते हुए कहा कि हमारे यहां सबसे तेज कोरोना काल में टीकाकरण हुआ, सबसे तेज अर्थव्यवस्था भारत की चल रही है, फ्रूट-वेजिटेबल प्रोडक्शन में नंबर दो पर भी भारत पहुंच चुका है। मुझे इस बात की खुशी है कि भारत की विविधता को ऑस्ट्रेलिया ने भी खुले दिल से स्वीकार किया है। वो भी जानता है कि भारत में ही टैलेंट की सबसे बड़ी फैक्ट्री है।