पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को ले जा रहे विमान में आई खराबी के चलते शुक्रवार को इमर्जेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। पाकिस्तान जा रहे इस विमान की देर रात न्यू यॉर्क में इमर्जेंसी लैंडिंग कराई गई। पीएम इमरान खान को ले जा रहे विमान ने न्यूयॉर्क के केनेडी इंटरनेशनल एयपोर्ट से शुक्रवार की शाम उड़ा भरी थी। सउदी अरब सरकार की तरफ से इमरान को भेजा गया ये विमान उड़ान भरने कुछ घंटों बाद ही तकनीकी खराबी के चलते वापस न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर लौट आया।

बताया जा रहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है।बता दें कि इमरान खान संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में भाग लेने आए थे। खबरों के मुताबिक फ्लाइट की खराबी को ठीक किया जा रहा है और फ्लाइट ठीक होने के बाद दोबारा फ्लाइट को रवाना किया जाएगा।

जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी पाकिस्तान की बौखलाहट साफ नजर आई। इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी जम्मू कश्मीर का मुद्दा उठाया। अपने संबोधन में इमरान खान ने कहा कि कश्मीर में कर्फ्यू हटने के बाद वहां काफी हिंसा होगी।

इमरान खान ने धमकी भरे लहजे में कहा कि मैं कश्मीर में होता और कश्मीर 55 दिन से बंद होता तो मैं भी बंदूक उठा लेता। यह बहुत मुश्किल समय है। इससे पहले की बात परमाणु युद्ध तक पहुंच जाए। संयुक्त राष्ट्र को कुछ करना चाहिए। युद्ध के दौरान कुछ भी हो सकता है और हम हर स्थिति के लिए तैयार हैं।