जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे पर भारत की आलोचना कर रहा है। इसके अलावा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ परमाणु युद्ध की धमकी भी दे रहे हैं।

इन सब के बीच पाकिस्तान के एक लड़के का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़का पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को कश्मीर का मुद्दा छोड़कर पाकिस्तान की माली हालत सुधारने की बात कह रहा है। पाकिस्तानी पत्रकार नायला इनायत ने बच्चे की बातचीत का वीडियो शेयर किया है। आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास ने भी इस वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है।

वीडियो में लड़का कह रहा है कि भारत पूरी दुनिया के साथ आर्थिक रूप से मजबूत से खड़ा है। भारत अपने व्यापार के कारण पूरी दुनिया पर प्रभाव रखता है। जब तक पाकिस्तान आर्थिक रूप से भारत की बराबरी नहीं कर लेता है तब तक वो अपने मुद्दे को भारत के समानांतर दुनिया के सामने मजबूती से नहीं रख सकता है।

लड़का आगे कहता है कि जब तक पाकिस्तान आर्थिक रूप से भारत से आगे नहीं निकलेगा तब कश्मीर का मुद्दा भी हल नहीं हो सकता है। दुनिया के देश भारत को नाराज कर पाकिस्तान का समर्थन नहीं कर सकते हैं। वीडियो में आगे लड़का कहता है कि इससे बेहतर है कि पाकिस्तान अपने आर्थिक हालात मजबूत करे जिससे पाकिस्तानी आवाम के तमाम मुद्दे हल हो जाएंगे। इसमें कश्मीर, बलूचिस्तान, फाटा का मुद्दा भी हल हो जाएगा।

लड़के का कहना है जब-जब पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे पर हस्तक्षेप करता है तब-तब कश्मीर में हालात खराब होते हैं। ऐसे में पाकिस्तान को इससे बचना चाहिए। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने इस वीडियो को अपने ट्विट अकाउंट से शेयर करते हुए इसे पाकिस्तान के आवाम की आवाज बताया।


कुमार विश्वास ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘वीडियो को यूँ सोचकर देखिए कि इस बच्चे के मुँह से मानो पाकिस्तान की अवाम बोल रही है और पीछे बेगुनाहों के ख़ून से तर लाल रंग की टी शर्ट में बेहूदगी से पाकिस्तान की दहशतगर्द फ़ौजी सरकार मुंह फाड़े सुन रही है।’ सोशल मीडिया पर लोग इस बच्चे की समझदारी की तारीफ कर रहे हैं।