जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने के बाद ही पाकिस्तान लगातार अपनी खीझ निकाल रहा है। ऐसा लगता है कि पाकिस्तान की सरकार और वहां की सेना दोनों एक समान बेसुरा राग अलाप रही है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान कई बार भारत को परमाणु युद्ध की धमकी दे चुके हैं।
अपने प्रधानमंत्री की राह पर उनके सेना प्रमुख भी आगे बढ़ रहे हैं। पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने शुक्रवार को एक बार फिर कश्मीर को लेकर बेतुका बयान दिया। सेना प्रमुख ने कहा कि कश्मीर में भारत सरकार कथित रूप से स्थानीय लोगों पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने भारत की नरेंद्र मोदी सरकार पर घाटी में हिंदुत्व को थोपे जाने का आरोप लगाया।
जनरल बाजवा ने इस्लामाबाद में कहा कि कश्मीर हिंदुत्व का शिकार है और वहां अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर पाकिस्तान का एजेंडा है। हम भारत सरकार की तरफ से कश्मीर को लेकर उठाया गया कदम हमारे लिए चुनौती है। पाकिस्तान कश्मीर के लोगों को कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने कहा कि हम आखिरी गोली, आखिरी सांस तक लड़ेंगे। पाकिस्तानी सेना इसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि युद्ध के बादल मंडरा रहे हैं लेकिन हमें अमन की उम्मीद है। कश्मीर आज जल रहा है। जनरल बाजवा ने कहा कि मैं कश्मीर के लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हम उनके साथ हैं और उन्हें धोखा नहीं देंगे। हम कश्मीर के लिए कुर्बानी देने को तैयार हैं।
मालूम हो कि भारत सरकार ने 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान खत्म कर दिए थे। सरकार ने जम्मू-कश्मीर का बंटवारा कर इसे और लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद से पाकिस्तान भारत पर भड़का हुआ है। पाकिस्तान हर मंच पर जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने के मुद्दे को उठा रहा है। उसने अमेरिका, चीन समेत विश्व के अन्य देशों से इस मामले में हस्तक्षेप करने की बात कही थी।
वहीं, भारत की तरफ से इसे अपना आंतरिक मामला बताए जाने के कारण अमेरिका समेत अन्य विश्व शक्तियां इस मुद्दे पर सीधे किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने से इनकार कर चुकी हैं। कश्मीर के लेकर पाकिस्तान कई बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मुंह की खा चुका है।

