पाकिस्तान में एक स्कूल टीचर को इसलिए जलाकर मार दिया गया, क्योंकि उसने स्कूल मालिक के बेटे से शादी करने से इनकार कर दिया था। 18 वर्षीय मारिया सदाकत पर आरोपी ने सोमवार रात को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। घटना के वक्त मारिया घर में अपनी पांच साल की बहन के साथ थी और बाकी परिवार वाले पास के एक शहर में किसी के अंतिम संस्कार में गए हुए थे।
Read Also: पाकिस्तान: 8 साल की बच्ची से पहले बलात्कार किया, फिर छत से फेंक कर मार डाला
मारिया के परिवार वालों का कहना है कि उसने स्कूल मालिक के बेटे से शादी का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया था। मारिया उसी स्कूल में पढ़ाती थीं। यह प्रस्ताव छह महीने पहले आया था। लेकिन वह लड़का पहले से शादीशुदा था और एक बेटी भी है। मारिया के पिता ने यह प्रस्ताव खारिज कर दिया।
मारिया का शरीर 85 फीसदी जल चुका था। घरवालों का कहना है कि उनके पीछे से उनके घर में चार लोग जबरन घुस आए थे और मारिया को आग लगा दी। घटना के बाद मारिया को इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में ले जाया गया, जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि चौथे के लिए अरेस्ट वारंट जारी किया है। पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यों की टीम बनाने के निर्देश दिए हैं।