पाकिस्तान ने कथित तौर पर अपने जल क्षेत्र का उल्लंघन करने के आरोप में लेकर 20 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। उनकी नौकाएं भी जब्त कर ली हैं। पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा एजंसी (पीएमएसए) के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि भारतीय मछुआरों को एमएसए की ओर से गिरफ्तार किया गया, जब उनलोगों ने अरब सागर के पाकिस्तानी जलक्षेत्र में प्रवेश किया था। उनकी चार नौकाओं को भी जब्त किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘मछुआरों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बंदरगाह पुलिस को सौंप दिया गया है।’ इन गिरफ्तारियों से एक सप्ताह पहले भी पीएमएसए ने 88 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था और उनकी 16 नौकाएं जब्त कर ली थीं। भारत और पाकिस्तान नियमित तौर पर एक दूसरे के मछुआरों को गिरफ्तार करते हैं। मछुआरे एक दूसरे के जल क्षेत्र में चले जाते हैं क्योंकि समुद्री सीमा का सही ढंग से सीमांकन नहीं हुआ है। कहा जाता है कि करीब 400 भारतीय मछुआरे पाकिस्तान की जेलों में बंद हैं।