अमेरिका में हुई सड़क दुर्घटना में एक भारतीय छात्रा की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना अमेरिका के टेनेसी राज्य के मेम्फिस शहर में हुई। भारतीय छात्रा की पहचान 26 वर्षीय नागा श्री वंदना परिमाला के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर मेम्फिस विश्वविद्यालय में मास्टर ऑफ साइंस (एमएस) की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने बताया कि छात्रा को अस्पताल ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई थी।
वह आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के एक व्यवसायी की बेटी है। 2022 में उच्च शिक्षा के लिए वह अमेरिका चली गई थी। दो अन्य छात्रों – पवन और निकित को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां पवन की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि उनकी कार कंट्रोल से बाहर होकर दूसरी कार से टकरा गई थी।
मास्टर ऑफ साइंस की कर रही थी पढ़ाई
आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले की 26 वर्षीय नागा श्री वंदना परिमाला अमेरिका के मेम्फिस विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई कर रही थी।
यह मामला टेनेसी के मेम्फिस में एक सामने आया है। उसके साथ निकित और पवन भी थे। वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। पूर्वोत्तर मेम्फिस में नेशनल स्ट्रीट और रॉकवुड एवेन्यू के चौराहे पर यह मामला सामने आया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक रॉकवुड एवेन्यू पर पश्चिम की ओर जाते समय एक वाहन ने रास्ता नहीं दिया, जिसके बाद छात्रों को ले जा रही कार से टक्कर हो गई, जो नेशनल स्ट्रीट पर दक्षिण की ओर जा रही थी।
हादसा होने के बाद वंदना को रीजनल वन हेल्थ ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पवन की हालत फिलहाल गंभीर है, निकित का भी इलाज चल रहा है।
कुछ दिन पहले तेलंगाना के 23 वर्षीय भारतीय छात्र आर्यन रेड्डी की 13 नवंबर, 2024 को अटलांटा, जॉर्जिया में अपने जन्मदिन के जश्न के दौरान एक गलती से गोली लगने से मौत हो गई थी। एक अन्य घटना में राजस्थान के 23 वर्षीय भारतीय छात्र प्रियांशु अगवाल की 18 अक्टूबर, 2023 को कनेक्टिकट में एक हिट-एंड-रन दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। वह एक इलेक्ट्रिक स्कूटर चला रहे थे,तभी एक एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी थी।