उत्तरी कोरिया ने सेनाध्यक्ष री योंग गिल को फांसी पर लटका दिया है। दक्षिण कोरिया की न्यूज एजेंसी योनहेप ने बुधवार को यह दावा किया है। सेनाध्यक्ष गिल से पहले हाल ही में कई अन्य लोगों को भी फांसी दी गई थी। उत्तरी कोरिया के मामलों से जुड़े सूत्र ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि री योंग गिल को फांसी दी जा चुकी है। उन्हें भ्रष्टाचार और साजिश रचने के आरोप में इसी महीने मौत की सजा दी गई। हालांकि दक्षिण कोरिया की नेशनल इंटेलीजेंस सर्विस ने इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है। दक्षिण कोरियाई मीडिया को जानकारी देने वाले सूत्रों ने भी खबर मिलने के स्रोत का खुलासा नहीं किया।
उत्तर कोरिया बड़े अधिकारियों को सजा देने के बारे में सार्वजनिक घोषणा बहुत कम करता है। इससे पहले साल 2013 में किम जोंग उन के चाचा और देश के दूसरे सबसे बड़े नेता जांग सोंग थेक की सजा का एलान किया गया था। थेक को भ्रष्टाचार के आरोप में सजा दी गई थी। वहीं पिछले साल मई में रक्षा प्रमुख को फायरिंग रेंज में एंटी एयरक्राफ्ट गन से भून दिया था। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी की संसद को भेजी गई रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ था।
Read Also: हॉलीवुड फिल्म देखने पर गोली मार देता है तानाशाह किम जोंग उन, जानिए कई और राज
किम जोंग उन के सत्ता में आने के बाद से सेना के नेतृत्व में कई बार बदलाव किया जा चुका है। 2011 में पिता किम जोंग इल की मौत के बाद से कई बार सेनाध्यक्षों को बदला जा चुका है। वहीं कई अन्य उच्च अधिकारी भी लंबे समय से गायब हैं। इसके चलते उनके भी मारे जाने की खबरें आती रहती है। गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर कोरिया ने हाइड्रोजन बम का परीक्षण का दावा किया था। साथ ही पिछले दिनों उसने बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण भी किया था।