Monkeypox के बढ़ते मामलों को लेकर दुनिया भर में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं अमेरिका में न्यूयार्क राज्य की गवर्नर कैथी होचुल ने मंकीपॉक्स के लगातार फैलने को लेकर शुक्रवार देर रात राज्य में आपातकाल की घोषणा की।

होचुल ने ट्वीट करते हुए लिखा- ‘मैं मंकीपॉक्स के प्रकोप का सामना करने के हमारे चल रहे प्रयासों को मजबूत करने के लिए राज्य आपदा आपातकाल की घोषणा कर रहा हूं।’ उन्होंने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका में चार में से एक से अधिक मंकीपॉक्स के मामले न्यूयॉर्क में हैं। जो जोखिम वाले समूहों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं।

न्यूयॉर्क स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के अनुसार, 29 जुलाई तक न्यूयॉर्क राज्य में ऑर्थोपॉक्सवायरस / मंकीपॉक्स के कुल 1,383 मामले सामने की पुष्टि हुई है। इससे पहले शुक्रवार को ब्राजील और स्पेन ने अफ्रीका के बाहर मंकीपॉक्स से संबंधित पहली मौत की सूचना दी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पिछले हफ्ते मंकीपॉक्स के प्रकोप को लेकर वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था।

सैन फ्रांसिस्को के मेयर लंदन एन ब्रीड ने कहा, “सैन फ्रांसिस्को में कोरोना के दौरान देखा गया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए त्वरित एक्शन आवश्यक है। हम जानते हैं कि यह वायरस सभी को समान रूप से प्रभावित करता है, लेकिन हम यह भी जानते हैं कि LGBTQ समुदाय के लोग इस समय अधिक जोखिम में हैं।”

मेयर ऑफिस के अनुसार, शहर में मंकीपॉक्स के 261 मामलों की पुष्टि हुई है। कैलिफोर्निया में 799 मामले, संयुक्त राज्य अमेरिका में 4,600 से अधिक मामले और 76 देशों में वैश्विक स्तर पर 19,000 से अधिक मामले हैं।

मंकीपॉक्स के भारत में चार मामले

भारत में मंकीपॉक्स वायरस के चार मामलों की पुष्टि हुई है, जिसमें तीन केरल से और एक राजधानी दिल्ली से सामने आया है। वहीं देश में मंकीपॉक्स से मृत्यु का एक भी मामला सामने नहीं आया है। केरल में पहला मामला आया था। इसके बाद से केंद्र और राज्य सरकार सतर्क हो गई हैं। वहीं, दिल्ली के एक 34 वर्षीय निवासी में मंकीपॉक्स की पुष्टि हुई है। इस व्यक्ति का अंतरराष्ट्रीय यात्रा का कोई इतिहास नहीं है। देश में मानव-से-मानव संचरण का यह पहला केस है।