नेपाल में लोकप्रिय मानस्लू ट्रेकिंग मार्ग पर आए भूस्खलन में एक स्पेनिश नागरिक सहित चार लोग मारे गए। द हिमालयन नेशन अखबार की खबर के अनुसार 11 स्पेनिश नागरिकों सहित 17 और लोग भूस्खलन में घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए काठमांडो ले जाया गया। मुख्य जिला अधिकारी नारायण प्रसाद भट्टा के अनुसार भूस्खलन के कारण एक स्पेनिश नागरिक, एक पर्वतारोहण गाइड और दो नेपाली नागरिक मारे गए। उन्होंने कहा कि घायलों को बाहर निकालने के लिए गोरखा जिले के केराम्जा गांव में पुलिस की दो टीमें तैनात की गईं। हालांकि बार-बार भूस्खलन आने की वजह से शवों को बाहर निकालने में मुश्किल हो रही है। मानस्लू क्षेत्र ट्रेकिंग के लिए मशहूर गंतव्य हैं जहां हर साल हजारों पर्यटक आते हैं। जुलाई में भारी बारिश के कारण नेपाल में काफी तबाही हुई थी और बारिश की वजह से आए बाढ़ तथा भूस्खलनों में 64 लोग मारे गए थे। साथ ही हजारों लोग विस्थापित हुए थे। 2015 में देश में आए भूकंप के बाद से इलाके में कई बार भूस्खलन आए हैं।