अफ्रीकी देश माली में बड़ा हादसा सामने आया था। यहां सड़क हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई। दरअसल, एक बस नदी पर बने पुल से नीचे गिर गई। यह हादसा अफ्रीकी समय के अनुसार, शाम पांच बजे हुई। जानकारी के अनुसार, यह बस बुर्किना फासो जा रही थी। बताया जा रहा है कि अचानक बस अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे गिर गई।

खराब सड़कों के कारण हो रहे हादसे

दरअसल, पश्चिमी अफ्रीका में कुछ दिनों से सड़क हादसों की घटनाएं अधिक हो रही हैं। बताया जा रहा है कि हादसे माली की खराब सड़कों के कारण हो रही हैं। बता दें कि दुनियाभर में सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों में करीब एक चौथाई घटनाएं अफ्रीका में होती हैं। 46 दिन पहले भी यहां बड़ा हादसा हुआ था। एक-बस और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई थी। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हुई थी।

अमेठी में पेड़ से टकराई कार, तीन की मौत, 3 घायल

यूपी के अमेठी जिले में एक कार के पेड़ से टकरा गई। इस कारण उसमें सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया के पास की है। उन्होंने बताया कि रायबरेली के गोपालपुर से एक शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए अमेठी आए कुछ लोग कार से जब वापस लौट रहे थे तो उनका वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया।

पुलिस ने आगे कहा, ‘‘कार सवार आलोक सिंह (55), संतोष सिंह (45) और दीपा सिंह (30) की मौत हो गई जबकि अनुष्का, निहारिका और मानवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।’’ गौरीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि घायलों को रायबरेली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।