पाकिस्तान की टीवी न्यूज चैनलों पर अजीब हालात है। कभी वहां न्यूज एंकर मसखरी करते दिखने लगते हैं तो कभी नेता गाली-गलौच करना शुरू कर देते हैं। हालांकि टीवी पर डिबेट के दौरान थोड़ी गर्मागर्मी अब आम बात हो गई है, लेकिन जो कुछ पाकिस्तान के टीवी चैनल पर हुआ, वह गंभीर मुद्दा है। खास बात यह है कि यह घटना शीर्ष पाकिस्तानी नेताओं के बीच हुई।
पाकिस्तान के एक निजी चैनल पर राजनीतिक मुद्दे पर डिबेट में पंजाब सूबे के मुख्यमंत्री की विशेष सहायक (सूचना) डॉ. फिरदौस आशिक अवान और विपक्षी पीपीपी एमएनए के सांसद कादिर मंदोखेल के बीच तकरार हो गई। दोनों के बीच बहस इतनी तेज हो गई कि डॉ. फिरदौस उठ खड़ी हुईं और कादिर के मुंह पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। देखते ही देखते यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। इतना ही नहीं उन्होंने थप्पड़ मारने के बाद उनका कॉलर पकड़ लिया। किसी तरह चैनल के स्टाफ ने दोनों को अलग कराया। फिरदौस आशिक अवान पहले पीएम इमरान खान की विशेष सहायक रह चुकी हैं।
Dr Firdous Ashiq Awan slaps PPP MNA Qadir Mandokhel during a TV show’s recording. pic.twitter.com/vRIJ7RcJIf
— Murtaza Ali Shah (@MurtazaViews) June 9, 2021
बहस की शुरुआत भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हुई। इस दौरान कादिर ने फिरदौस की पार्टी तथा नेताओं पर भ्रष्टाचार के एक के बाद एक कई आरोप लगाए। इससे फिरदौस भड़क उठीं। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप में इमरान खान की पार्टी पीटीआई की नेता डॉ. फिरदौस विपक्षी नेता मंदोखेल को गाली देती नजर आती हैं और उसके कुछ पल बाद ही गाल पर थप्पड़ भी मारती नजर आती हैं।
घटना के बाद फिरदौस आशिक अवान ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उन्होंने आत्मरक्षा में ऐसा किया। दावा किया कि पीपीपी के कादिर मंडोखेल ने ब्रेक के दौरान पहले उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनके परिवार को गालियां दीं।
इस घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद तमाम लोग सोशल मीडिया पर कमेंट कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि यह इमरान खान की नई जमात और नए पाकिस्तान का नमूना है।