यहां पर नौ वर्षीय एक भारतीय लड़की अपने घर में रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत मिली है। पुलिस ने लड़की की सौतेली मां पर हत्या का आरोप लगाया है। अशदीप कौर तीन महीना पहले भारत से क्वींस पहुंची थी और अपने पिता सुखजिन्दर सिंह और अपनी सौतेली मां अर्जुन एस. परसाद के साथ एक अपार्टमेंट में रह रही थी जो वह एक अन्य दंपति के साथ साझा कर रहे थे। सूत्रों के हवाले से न्यूयार्क पोस्ट ने कहा है कि क्वींस स्थित अपने घर में अशदीप मृत पाई गई और उसके शव पर चोट के निशान थे। शुक्रवार (19 अगस्त) को आशादीप की कथित तौर पर गला दबा कर हत्या करने का अर्जुन (55) पर आरोप लगाया गया है।
घर में रहने वाले लोगों ने अशदीप को अर्जुन के साथ बाथरूम जाते हुए देखा जो बाद में अकेले बाहर आई और मकान से चली गई। उसने कथित तौर पर कहा कि अशदीप नहा रही है। जब अशदीप बाहर नहीं निकली तो घर के लोगों ने निरीक्षण किया और पता चला कि उसका शव बाथटब में है और उसमें पानी नहीं है।
अशदीप का जब शव मिला उस समय अर्जुन कहीं नहीं थी। कई घंटे के बाद वह पुलिस को क्वींस में दूसरे स्थान पर मिली और उससे पूछताछ की जा रही है।