भारत ने मिस्र की उन 12 महिलाओं को पुरस्कृत किया है जिन्होंने अपने देश में सामाजिक और आर्थिक बदलाव लाने में योगदान दिया है। इन महिलाओं को नील महोत्सव के दौरान भारत की ओर से पुरस्कृत किया गया। इंडिया हाउस की ओर से इस महोत्सव का आयोजन किया गया था।

मिस्र में भारत के राजदूत संजय भट्टाचार्य ने कहा, ‘भारत ने नील-2016 के माध्यम से उन महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को सराहा है जिन्होंने सामाजिक और आर्थिक बदलाव में योगदान दिया।’ भारतीय साड़ी पहने हुए इन महिलाओं ने भट्टाचार्य से पुरस्कार ग्रहण किया।

जिन महिलाओं को पुरस्कृत किया गया उनमें मिस्र की सांसद दालिया फवाद यूसुफ, विश्व चैम्पियन तैराक लुबना मुस्तफा महमूद, सिने निर्देशक मारियाना खूरी, मानवाधिकार कार्यकर्ता मोना जुल्फिकार, फैशन डिजाइनर शाहिरा मेहरेज और अल नूर वल अमाल एसोसिएशन की अमाल फिकरी शामिल हैं।