Imran Khan Attacks: हमले के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का शुक्रवार (4 नवंबर, 2022) को बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हमले की जानकारी के बारे मुझे पहले से पता था कि मेरे ऊपर अटैक होगा। मेरे ऊपर दो तरफ से चार गोलियां चलाई गईं। जब वो गिर पड़े तो उनके ऊपर से कई गोलियां निकलीं। अगर वो सभी गोलियां लग जाती तो बचना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि जो शख्स हमले के आरोप में पकड़ा गया है। वो अकेला नहीं था। कई और लोग भी इस हमले में शामिल हैं।
इमरान ने वजीराबाद में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि तीन लोगों ने मिलकर उन्हें मारने की साजिश रची। इन तीन लोगों में राणा सन्नाउल्ला, शाहबाज शरीफ, मेजर जनरल फैजल का नाम शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ हुए हमले की साजिश एक बंद कमरे में रची गई थी। इमरान ने कहा कि उनके पास एक वीडियो क्लिप है। उन्होंने अपने समर्थकों को कहा कि अगर उन्हें कुछ हो जाता है तो उस वीडियो को रिलीज कर दिया जाए। इमरान खान ने कहा कि जो हमला मुझ पर किया गया। मुझे जाने से एक दिन पहले पता चल गया था कि इन्होंने वजीराबाद या गुजरात में मुझे मारने की योजना बना रखी थी। उन्होंंने कहा कि मैं यह नहीं समझ पाया जनता किधर खड़ी है।
खान ने कहा कि मेरे सांसदों को धमकाया जा रहा है, उनको ब्लैकमेल किया जा रहा है। भ्रष्टाचार के केस और पुराने वीडियो पर ब्लैकमेल किया जा रहा है। चोरी के पैसों से लोगों को खरीदा गया। हमारी सरकार गिराने के लिए मंडी लगी थी, लेकिन जनता ने मेरा हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जनरल फैसल ने हम पर सख्ती और बढ़ाई है। खान ने कहा कि इन लोगों को लगा था कि हमारी पार्टी खत्म हो जाएगी। जनता ने इम्पोर्टेड सरकार को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव में हराने की भरपूर कोशिश की गई। इसमें चुनाव आयोग ने भी उनकी मदद की। हमने ईवीएम मशीन के जरिए वोटिंग का सुझाव दिया, लेकिन हमारी सुझाव नहीं माना गया।
पूर्व प्रधानमंत्री कहा कि उनके खिलाफ तोशाखाना का झूठा आरोप लगाया गया। तोशाखाना का सारा रिकॉर्ड वहां मौजूद है। उसमें कोई छेड़खानी नहीं की गई। खान ने कहा उनकी पार्टी के डोनर को जानबूझकर तंग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी जनता के पैसों से काम करती है। हमारे डोनर को तंग किया जा रहा है, ताकि वो भाग जाएं। खान ने कहा कि हम पर आरोप लगाने वाले पहले अपनी पार्टी के बारे में बताएं कि उनको पैसा कहां से मिलता है।
इमरान खान ने परवेज मुशर्रफ पर साधा निशाना
इमरान खान ने पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए परवेज मुशर्रफ देश का पैसा बाहर लेकर गए। उन्होंने कहा कि मुशर्रफ के पास इंग्लैंड के सबसे महंगे इलाके में चार आलीशान मकान हैं। उनसे पूछा जाए कि इतनी अपार संपत्ति कहां से आई है।