कनाडा के सैस्कटचेवान प्रांत में 38 साल की उम्र वाली एक सिख महिला को उसके घर में मृत पाया गया। पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर उस पर हत्या का आरोप लगाया है। संदीप कौर तेहाड़ा को रेगिना स्थित आवास पर मृत पाया गया। पुलिस को घर के अंदर रहने वालों के कुशल होने के बारे में पता लगाने के लिए बुलाया गया था।

पुलिस को संदीप का शव उसके घर के भीतर मिला और बाद में वह इस निष्कर्ष पर पहुंची कि महिला की हत्या की गई है। रेगिना के लीडर पोस्ट की खबर के अनुसार संदीप के पति जगदीश सिंह तेहाड़ा (39) को गिरफ्तार किया गया है। उस पर हत्या का आरोप लगाया गया है। इस दंपति के दो बच्चें हैं जो जगदीश के भाई प्रीतपाल के साथ रह रहे हैं। जगदीश को मंगलवार को रेगिना की प्रांतीय अदालत में पेश किया गया।

अदालत को बताया गया कि वह चाहता है कि उसका कानूनी रूप से प्रतिनिधित्व किया जाए। उसे सुनवाई अगली तारीख 31 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सिख समुदाय इस हत्या को लेकर स्तब्ध है। इसी समुदाय से जुड़े सुरेंद्र गे्रवाल ने बताया कि जगदीश एवं संदीप तेहाड़ा करीब दस साल से रेगिना में रह रहे थे। गे्रवाल के हवाले से कहा गया, ‘हम सभी स्तब्ध हैं। ऐसा होगा, इसकी कभी कल्पना भी नहीं की थी।’