अमेरिका में एक महिला को उसके पति ने चाकू से मार कर जिंदा दफना दिया था। लेकिन महिला चमत्कारिक ढंग से बाहर निकली और उसने अपनी एप्पल घड़ी का उपयोग करके इमरजेंसी सेवाओं को फोन किया। यह घटना वॉशिंगटन में 16 अक्टूबर को घटी थी। कब्र में दफनाए जाने के बाद महिला कई घंटे बाद उसमें से खुद ही निकल कर एक अजनबी व्यक्ति के घर पर मदद मांगने के लिए पहुंची।
पीड़ित महिला 42 वर्ष की है और उसका नाम यंग सूक एन है। द डेली बीस्ट की रिपोर्ट के अनुसार महिला के पति 53 वर्षीय चाई क्योंग एन ने उसके हाथ और पैर को डक्ट टेप से बांध दिया और फिर उसकी छाती में छुरा घोंपा और उसे जिंदा दफना दिया।
महिला और पति तलाक की लड़ाई लड़ रहे हैं और पति अपने पेंशन के पैसे को अपने हाथों से नहीं जाने देना चाहता है। हलफनामे के अनुसार 911 ऑपरेटर ने पुलिस को बताया कि एक महिला ने आपातकालीन नंबर पर कॉल किया, लेकिन उसकी आवाज फंस रही थी और वह बात नहीं कर सकी। ऑपरेटर ने महिला के बैकग्राउंड में पिटाई की आवाज को भी सुना, लेकिन कुछ समय बाद महिला पूरी तरह से शांत हो गई।
हलफनामे में कहा गया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने सेलफोन टॉवर का पता लगाया और पीड़ित महिला यंग के घर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को अनहोनी की आशंका हुई। रिपोर्ट के अनुसार 17 अक्टूबर को पीड़ित महिला एक अजनबी के घर पहुंची और मदद के लिए जोर-जोर से दरवाजा खटखटाया।
द डेली बीस्ट ने हलफनामे के हवाले से बताया कि जब पुलिस पहुंची, तो पीड़ित महिला चिल्लाने लगी और कहने लगी कि मेरे पति मुझे मारने की कोशिश कर रहे हैं- हेल्प मी। पीड़ित महिला यंग ने पुलिस को बताया कि तलाक और पैसे पर चर्चा करते हुए उसका पति गुस्सा हो गया, जिसके बाद उसने उसे जाने के लिए कहा। जैसे ही वह बदलने के लिए बेडरूम में गई, पति ने पत्नी पर हमला कर दिया। उसके सिर पर कई बार मुक्का मारा और उसे जमीन पर पटक दिया।
इसके बाद पति ने महिला को डक्ट टेप किया और कुछ देर के लिए उस कमरे से बाहर चला गया। तभी महिला ने 911 पर कॉल करने के लिए अपनी एप्पल घड़ी का इस्तेमाल किया। जब पति लौटा, तब उसने सीढ़ियों से महिला को गैरेज के सामने लेकर गया। महिला ने बताया कि तब पति को एहसास हुआ कि उसके पास एक एप्पल घड़ी है, इसलिए उसने उस पर हथौड़े से प्रहार किया और फिर उसकी कलाई पर प्रहार किया।
इसके बाद उसके पति ने उसे जबरदस्ती एक वैन में बिठाया और पास के जंगल में ले गया, जहां उसने उसे चाकू मार दिया और उसे जिंदा दफना दिया। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह कुछ घंटों के लिए कब्र में थीं।
इसके बाद स्थानीय समयानुसार रात 8 बजे महिला के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं कोर्ट में बहस के दौरान महिला के पति की वकील से की ओर से दलील दी गई कि आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है।