अमेरिकी राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप द्वारा महिलाओं के खिलाफ की गई अशिष्ट टिप्पणियों के चलते उनके और उनकी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन के बीच तीखे शब्दबाण चले। ट्रंप ने हिलेरी के पति और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन पर बलात्कार और यौन शोषण के आरोप लगाए। हिलेरी ने कहा कि वीडियो में नजर आ रहे ट्रंप ही ‘असल’ हैं तो उनके प्रतिद्वंद्वी ने उनके पति बिल क्लिंटन पर आरोप लगाया कि वे बीते कई दशकों से महिलाओं का यौन शोषण कर रहे हैं।

हिलेरी ने कहा, ‘डोनाल्ड महिलाओं के बारे में जो कुछ भी बोल रहे थे वह हम सभी ने शुक्रवार (7 अक्टूबर) को देखा। हमने उन्हें महिलाओं का अपमान करते देखा, हमने उन्हें महिलाओं के रूप-रंग के आधार पर उनका आकलन करते देखा, हमने उन्हें टीवी और ट्वीटर पर महिलाओं को लज्जित करते देखा। यही असल डोनाल्ड ट्रंप हैं।’ ट्रंप ने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगते हुए कहा है कि यह लॉकर रूम तक सीमित बातचीत थी। उन्होंने कहा, ‘मुझे इस पर गर्व नहीं है। मैं अमेरिकी जनता से माफी मांगता हूं। मैं शर्मिंदा हूं। मैं महिलाओं का बहुत सम्मान करता हूं।’ बहस के लिए ट्रंप ने दर्शकों में से ऐसी चार महिलाओं को बुलाया जिन्होंने बिल क्लिंटन पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।