Mississippi Mass Shooting: अमेरिका के मिसिसिपी के टेट काउंटी में शुक्रवार को एक शख्स ने 6 लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी। इस गोली चलाने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। मिसिसिपी के गवर्नर टेट रीव्स ने ट्वीट किया, ”फायरिंग की घटना के लिए जिम्मेदार शख्स को हिरासत में ले लिया गया है। हम मानते हैं कि उसने अकेले घटना को अंजाम दिया है। उसका मकसद अभी तक पता नहीं चला है.”

गवर्नर का बयान

मिसिसिपी के गवर्नर टेट रीव्स ने ट्वीट किया कि उन्हे इस घटना की जानकारी मिली है और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होने कहा कि इस समय, हम मानते हैं कि उसने अकेले काम किया है। उसका मकसद अभी तक सामने नहीं आया है। टेट रीव्स ने कहा कि हम मामले की जांच में जुटे हैं और जल्द सभी कारणों का पता लगा लेंगे। यह बहुत दुखद घटना है, इससे शहर का माहौल खराब हो रहा है। कृपया इस दुखद हिंसा के पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करें।

प्रशासन ने दी जानकारी

एक प्रशासनिक कर्मचारी कैथरीन ने इस मामले से जुड़ी जानकारी साझा की है। उन्होने बताया है कि गोली चलाने वाला शख्स 52 वर्षीय रिचर्ड डेल क्रुम है। जिसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रिचर्ड ने अपनी पूर्व पत्नी की भी गोली मार कर हत्या कर दी। पीड़ितों में परिवार के अन्य सदस्यों के होने की भी संभावना जताई जा रही है। फर्स्ट डिग्री मर्डर की धाराएं इसके ऊपर लगाई गई हैं, लेकिन ये बढ़ाई जा सकती हैं।

पुलिस के मुताबिक हमलावर फायरिंग के बाद स्टोर में गया और यहां से निकलने के बाद अपनी एक्स वाइफ के घर पहुंच गया। यहां उसने अपनी एक्स वाइफ और उसके मंगेतर को गोली मार दी। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध के घर के पास ही दो अन्य लोग मृत पाए गए। एक अन्य व्यक्ति घायल मिला है, जिसका इलाज इमरजेंसी टीम ने किया है।