Queen Elizabeth II Wealth: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। महारानी ने गुरुवार (8 सितंबर 2022) को अपने स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल पर अंतिम सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एलिजाबेथ द्वितीय अपने पीछे अरबों की संपत्ति छोड़ गईं हैं। फॉर्च्‍यून मैगजीन के अनुसार महरानी अपने पीछे करीब 500 मिलियन डॉलर (39.8 अरब रुपयों) से ज्यादा की संपत्ति छोड़ गईं हैं।

क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय ने यह रकम पिछले 70 साल में महारानी के तौर पर कमाई थी। इसके अलावा ब्रिटेन के इस राजघराने का कुल कारोबार करीब 28 अरब डॉलर का है, जिसे रॉयल फर्म कहा जाता है। किंग जॉर्ज VI और प्रिंस फिलिप इसे फैमिली बिजनेस भी कहते हैं। महारानी की मौत के बाद अब ये संपत्ति ब्रिटेन के नए किंग बने प्रिंस चार्ल्स को विरासत में मिलेगी।

28 बिलियन डॉलर की अचल संपत्ति: फोर्ब्स मैगजीन के अनुसार ब्रिटेन के शाही परिवार के पास साल 2021 तक करीब 28 बिलियन डॉलर की अचल संपत्ति थी, जिसे बेचा नहीं जा सकता। इन संपत्ति में शामिल द क्राउन एस्टेट की कीमत 19.5 बिलियन डॉलर है। इसमें बकिंघम पैलेस की कीमत 4.9 बिलियन डॉलर, द डची ऑफ कार्नवाल की 1.3 बिलियन डॉलर, द डची ऑफ लैंकेस्टर 748 मिलियन डॉलर, केसिंगटन पैलेस की 630 मिलियन डॉलर और स्कॉटलैंड के क्राउन एस्टेट की कीमत 592 मिलियन डॉलर है।

कैसे होती है शाही परिवार की आमदनी: ब्रिटेन के शाही परिवार को टैक्सपेयर्स की तरफ से मोटी रकम प्राप्त होती है, जिसे सॉवरेन ग्रांट के रूप में जाना जाता है। इसे वार्षिक आधार पर शाही परिवार को दिया जाता है। यह पैसा सरकारी खजाने से दिया जाता है। इस ग्रांट की शुरुआत किंग जॉर्ज तृतीय के समय में हुई थी। उन्होंने संसद में एक समझौते के तहत इस ग्रांट की व्यवस्था की थी।

साल 2021 और 2022 में सॉवरेन ग्रांट की राशि 86 मिलियन पाउंड से अधिक तय की गई थी। यह राशि महारानी की आधिकारिक यात्रा, संपत्ति के रख-रखाव और बकिंघम पैलेज के रख-रखाव की लागत के लिए आवंटित की जाती है।

रॉयल फर्म से ब्रिटेन की इकॉनमी में लाखों पाउंड का योगदान: ब्रिटेन के रॉयल फर्म में शाही परिवार के लोग शामिल होते हैं, जिसकी अगुवाई अभी तक महारानी एलिजाबेथ करतीं थी। कई इवेंट और टूरिज्‍म के जरिये यह फर्म हर साल ब्रिटेन की इकॉनमी में लाखों पाउंड का योगदान देता है। इस फर्म के सदस्‍यों में प्रिंस चार्ल्‍स और उनकी पत्‍नी कैमिला, प्रिंस विलियम और उनकी पत्‍नी केट, प्रिंसेज एने, प्रिंस एडवर्ड और उनकी पत्‍नी सोफी शामिल हैं। फोर्ब्‍स के अनुसार, राजघराने के पास साल 2021 तक करीब 28 अरब डॉलर की रियल एस्‍टेट संपत्तियां थी।

क्राउन एस्‍टेट के पास जमीन और अन्य होल्डिंग के जरिए हर साल मोटा फंड आता है, लेकिन यह महारानी या अन्‍य किसी सदस्‍य की निजी संपत्ति नहीं है। इसे एक सेमी इंडीपेंडेंट पब्लिक बोर्ड चलाता है। साल 2021-22 के लिए जून में क्राउन एस्‍टेट से 31.27 करोड़ डॉलर का राजस्‍व मिला था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महारानी ने अपने निवेश, ज्वेलरी, कला संग्रह और रियल एस्टेट होल्डिंग्स से लगभग 500 मिलियन डॉलर की संपत्ति अर्जित की थी। उनकी मृत्यु के बाद अब यह संपत्ति उनके बेटे और ब्रिटेन के नए किंग प्रिंस चार्ल्स को सौंप दी जाएगी।