अरब सागर में भारतीय तट के पास एक इजरायली मर्चेंट शिप पर ड्रोन हमले की खबर सामने आ रही है। यह जानकारी ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा फर्म एंब्रे के हवाले से शाया हुई है। हमले के बाद मर्चेंट शिप में आग लगने की बात भी कही जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी में सामने आया है कि कुछ नुकसान हुआ है और जहाज पर पानी आ गया है। यह इजरायल से जुड़ा जहाज बताया गया है। भारतीय नौसेना के एक अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि उसने शनिवार सुबह मदद के अनुरोध का जवाब दिया है।

क्या जानकारी सामने आ रही है?

एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि चालक दल में 20 भारतीय शामिल है और जहाज फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है। भारतीय नौसेना पूरी मदद पहुंचा रही है। माना जा रहा है कि यह हमला इजरायल-हमास युद्ध से जुड़ा भी हो सकता है। यह ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने किया हुआ हो ऐसा भी हो सकता है। हालांकि इसे दावे को लेकर किसी तरह का खास इनपुट सामने नहीं आया है।

क्या है ताजा जानकारी

ताजा जानकारी के मुताबिक भारतीय तट रक्षक डोर्नियर समुद्री निगरानी विमान ने संकटग्रस्त जहाज एमवी केम प्लूटो का पता लगाया है और संपर्क स्थापित किए हैं।

रक्षा अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा है कि इंडियन कोस्ट गार्ड विक्रम ने भी सभी जहाजों का अलर्ट कर दिया है। एमवी केम प्लूटो ने लगभग 11 समुद्री मील प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ना शुरू कर दिया है और भारतीय तटरक्षक जहाज विक्रम के आज रात 10 बजे के आसपास इसके साथ मिलने की संभावना है। एमवी केम प्लूटो ने भी आईसीजीएस विक्रम द्वारा एस्कॉर्ट करने का अनुरोध किया है और 25 दिसंबर की शुरुआत तक उसके मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।