चीन फिर से कोरोना की चपेट में है। वायरस अलग-अलग शहर में धमाल रहा है। फिलहाल मरीज बढ़ने पर चीन के सान्या शहर में सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा कर दी। लेकिन लॉकडाउन लगने से शहर में 80 हजार से ज्यादा टूरिस्ट फंस गए हैं। किसी को भी बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। टूरिस्टों का आरोप है कि प्रशासन उनकी मदद नहीं कर रहा। वो बेहद परेशानी में हैं।

रविवार को सान्या शहर में कोरोना के 483 मरीज सामने आए। एक ही दिन में इतने मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे शहर में लॉकडाउन लगाने का फैसला किया। टूरिस्टों के मामले में प्रशासन ने फैसला लिया है कि अगर टूरिस्ट की 7 दिन में 5 पीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आती हैं तो वो यहां से बाहर जा सकते हैं। इसके अलावा शहर के सभी होटलों से कहा गया है कि वो टूरिस्टों को लॉकडाउन तक 50 फीसदी की छूट देंगे।

शनिवार सुबह से सान्या शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर पाबंदी लगा दी गई है और लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। सान्या शहर की आबादी 10 लाख से ज्यादा है। देश के दक्षिणी तट पर स्थित हैनन प्रांत की राजधानी सान्या एक टूरिस्ट स्पॉट है। इस बीच सान्या में हवाई टिकटों के दाम अचानक से बढ़ने लगे हैं। सवाल है कि शहर में फंसे सभी लोग यहां से कैसे निकल पाएंगे।

ध्यान रहे कि चीनी सरकार कोरोना को खत्म करने के लिए लंबे समय से सख्ती कर रही है। लेकिन उसकी तमाम सख्ती के बाद भी कोरोना बढ़ता जा रहा है। चीन की जीरो कोविड पॉलिसी भी सफल होती नहीं दिख रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस बार जो कोरोना के केस मिल रहे हैं, उनमें अधिकतर में बीए 5.1.3 वेरिएंट की पुष्टि हो रही है। यह वेरिएंट देश में पहली बार सामने आया है। यह वायरस काफी तेजी से फैलता है।

कोरोना के नए वेरिएंट और ज्यादा केस मिलने के बाद चीनी सरकार ने अधिकतर शहरों में ट्रेन टिकट की बिक्री भी रोक दी गई है। चीनी सरकार लोगों से अपील कर रही है कि वो गाइडलाइंस का पालन करें। तभी कोरोना से छुटकारा पाया जा सकता है। चीन सरकार का कहना है कि स्थिति गंभीर है। लेकिन वो हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं जिससे कोरोना को कंट्रोल किया जा सके।