China Lockdown: चीन में कोविड-19 का कहर एक बार फिर से दिखाई दिया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर एक बार फिर चीन में लॉकडाउन लगाया गया है। इस बार चीन के झेंगझोऊ शहर में देश के सबसे बड़े आईफोन कारखाने में कोरोना बम फूटा है। प्रवासी कामगार कोविड की वजह से लगाए गए लॉकडाउन के दौरान कंपनी की दीवारों को फांदकर भाग रहे हैं। मजदूरों के भागने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके साथ ही इस वीडियो ने चीन की पोल खोल दी है। वहीं कंपनी ने इस वीडियो के बारे में अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है।
बीबीसी के रिपोर्टर स्टीफन मैकडोनेल ने इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा, ‘झेंग्झौ में फॉक्सकॉन में सख्त कोविड लॉकडाउन के बीच Apple के सबसे बड़े असेंबली दफ्तर के मजदूर वहां से दीवार फांदकर चुपके से बाहर निकल गए हैं। ये मजदूर उस कोविड एप की जद में नहीं आना चाहते हैं जिसकी वजह से वो पकड़े जाते।’चीन की सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में लोगों कामगारों को फॉक्सकॉन के स्वामित्व पाले संयंत्र से बाहर कूदकर भागते हुए देखा जा सकता है। इसके पहले ऐसी भी खबर थी कि बीमारी के प्रकोप के कारण कई श्रमिकों को आइसोलेशन के तहत रखा गया है।
सख्त लॉकडाउन के साथ भोजन का अभाव
बीबीसी रिपोर्टर मैकडॉनेल के मुताबिक झेंग्झौ फॉक्सकॉन ने लगभग 300,000 कर्मचारियों को काम पर रखा है। ये कर्मचारी ही दुनिया के आधे आईफोन बनाते हैं। एक चीनी वीडियो होस्टिंग सेवा Douyin पर एक वीडियो डाला गया, जिसमें सख्त कोविड लॉकडाउन और भोजन की कमी के बीच हेनान प्रांत के कई प्रवासी श्रमिकों को पैदल घर लौटते हुए देखा गया है … क्योंकि वहां पर भी लॉकडाउन के कारण कोई सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं है। इसके पहले भारत में भी जब सख्त लॉकडाउन लगाया गया था तो प्रवासी मजदूर घरों को लौटने के लिए पैदल ही निकल पड़े थे।
लगातार बढ़ रहे हैं कोविड के मामले
चीनी सोशल मीडिया में ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसमें राजमार्गों के पास स्थानीय निवासियों ने फॉक्सकॉन श्रमिकों के लिए मुफ्त के टेंट लगाए हैं वो भी सरकार या फॉक्सकॉन से बिना कोई मदद लिए हुए। इसके पहले हेनान प्रांत की राजधानी झेंग्झौ में बीते 7 दिनों 167 कोविड मामलों की जानकारी मिली थी। उसके पहले 7 दिनों में ये आंकड़ा 97 का था जो ये दिखाता है कि वहां पर कोविड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।