चीन के टॉप जनरल Gen Zhang Youxia को अमेरिका को परमाणु योजना लीक करने के आरोप में पद से हटा दिया गया है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने रविवार को बताया कि उन पर देश के परमाणु हथियार कार्यक्रम के बारे में जानकारी अमेरिका को लीक करने का आरोप भी लगाया गया है। खबरों के मुताबिक, जनरल झांग के खिलाफ आधिकारिक जांच शुरू हो चुकी है। यह आरोप चीन द्वारा कथित तौर पर भ्रष्ट सैन्य अधिकारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का एक हिस्सा है।

अब तक भ्रष्टाचार के मामले में जिन अधिकारियों पर एक्शन लिया गया है उनमें 75 वर्षीय झांग सबसे वरिष्ठ नेता हैं और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भरोसेमंद माने जाते हैं। आधिकारिक तौर पर, झांग और उनके साथी सैन्य नेता लियू जेनली (61) पर गंभीर अनुशासन और कानून उल्लंघन का आरोप है, जो चीन में आमतौर पर भ्रष्टाचार से जुड़ा होता है।

जनरल झांग पर रिश्वत लेने का आरोप

यह दोनों अधिकारी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के महत्वपूर्ण केंद्रीय सैन्य आयोग (CMC) के सदस्य हैं जो चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) की सशस्त्र शाखा है। रक्षा प्रबंधन का दायित्व सीएमसी पर है और इसकी अध्यक्षता स्वयं शी जिनपिंग करते हैं। भ्रष्टाचार से जुड़ी लेटेस्ट जांच के बाद, सीएमसी में सदस्यों की संख्या अब तक की सबसे कम हो गई है। सात पदों में से केवल दो ही भरे हुए हैं बाकी सभी नेताओं को पद से हटा दिया गया है।

पढ़ें- भारत के ‘चिकन नेक’ के पास चीनी राजदूत को क्यों लाया बांग्लादेश? 

डब्ल्यूएसजे की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि Gen Zhang पर रिश्वत लेने का आरोप है, जिसमें पूर्व रक्षा मंत्री की नियुक्ति के लिए रिश्वत लेना और प्रभाव बढ़ाने के लिए राजनीतिक गुट बनाना शामिल है। शी जिनपिंग के लिए यह उनकी पीढ़ी के उन कुछ अंतिम नेताओं में से एक को हटाने का प्रतीक है, जिनका देश की नेतृत्व संरचना के शीर्ष स्तरों में महत्वपूर्ण प्रभाव था।

चीन के परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़ा डेटा अमेरिका को लीक करने का शक

रिपोर्ट के मुताबिक, Zhang पर चीन के परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़ा कोर टेक्निकल डेटा अमेरिका को लीक करने का शक है। चीन में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जांच की आंच अब उन अफसरों तक भी पहुंच गई है, जिन्हें जनरल झांग ने प्रमोट किया था। अधिकारियों ने इस मामले से जुड़े कई लोगों के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर लिए हैं।

पढ़ें- चीन दौरे के बाद ट्रंप ने दी थी 100 फीसदी टैरिफ की धमकी