Anju Pakistan News: वीजा लेकर पाकिस्तान जाने वाली भारतीय नागरिक अंजू का वीजा पाकिस्तान ने एक साल के लिए बढ़ा दिया है। 34 साल की अंजू अपने फेसबुक फ्रेंड से शादी करने के लिए वाघा बार्डर के साथ खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक सुदूर गांव पहुंची थी। यहां उसने नसरुल्लाह नाम के पाकिस्तानी व्यक्ति से शादी कर ली। नसरुल्ला की उम्र 29 साल है। उसने ही मंगलवार को अंजू का वीजा एक साल बढ़ाए जाने की जानकारी दी।
इस्लाम कबूल कर चुकी है अंजू – दो भारतीय बच्चों की मां अंजू ने पाकिस्तान जाने के बाद विवाह से पहले इस्लाम धर्म कुबूल कर लिया था। इस्लाम अपनाने के बाद अंजू के पाकिस्तानी जानकारों ने उसका नया नाम फातिमा रखा है। अंजू ने 25 जुलाई को प्रांत के अपर दीर जिले में रहने वाले अपने 29 वर्षीय मित्र नसरुल्ला से शादी कर ली थी। दोनों 2019 में फेसबुक पर दोस्त बने थे।
मंगलवार को नसरुल्लाह ने कहा कि अंजू का वीजा, जो पहले 2 महीने के लिए बढ़ाया गया था, अब उनकी शादी के बाद एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। उसके एक महीने की अवधि वाला मूल वीजा 20 अगस्त को समाप्त होने वाला था। नसरुल्लाह ने कहा कि गृह मंत्रालय को संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद मेरी पत्नी अंजू का वीजा एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है।
पाकिस्तानी कर रहे अंजू की मदद
अंजू के पति नसरुल्लाह ने कहा कि सभी पाकिस्तानी संस्थान हमारे साथ सहयोग कर रहे हैं। पिछले महीने, एक रियल एस्टेट कंपनी ने जोड़े को खैबर पख्तूनख्वा में एक भूखंड उपहार में देने के साथ ही उन्हें एक चेक भी दिया था।
उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में पैदा हुई और राजस्थान के अलवर जिले में रहने वाली अंजू वाघा-अटारी सीमा के माध्यम से भारत से कानूनी रूप से पाकिस्तान गई थी। उसे 30 दिन का वीजा दिया गया, जो केवल अपर दीर के लिए वैध था।
अंजू की बड़ी बेटी 15 साल की
अंजू की पहली शादी राजस्थान के रहने वाले अरविंद से हुई थी। दोनों की एक 15 साल की बेटी और छह साल का बेटा है। उसकी कहानी चार बच्चों की मां 30 वर्षीय महिला सीमा गुलाम हैदर के समान है, जो 22 वर्षीय हिंदू व्यक्ति सचिन मीना के साथ रहने के लिए भारत में घुस आई थी। वह 2019 में पबजी खेलने के दौरान उसके संपर्क में आई थी।