अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को शपथ लेने वाले हैं। वह अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बनेंगे। भारतीय समयानुसार 20 जनवरी की रात करीब 10 बजे डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। शपथ लेने के बाद ही वह दुनिया के सबसे ताकतवर शख्स बन जाएंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति को दुनिया का सबसे पावरफुल इंसान माना जाता है। ऐसे में ट्रंप की सुरक्षा व्यवस्था भी हाईटेक हो जाएगी।

9000 किलो से अधिक होता है कार का वजन

डोनाल्ड ट्रंप जिस कार में चलेंगे, वह दुनिया की सबसे सुरक्षित कार मानी जाती है। अमेरिकी राष्ट्रपति लिमोजिन कार में चलते हैं, जिसे ‘द बीस्ट’ भी कहा जाता है। इस कार पर केमिकल अटैक तक असर नहीं कर सकता है, गोला-बारूद की तो बात ही छोड़ दीजिए। अमेरिकी राष्ट्रपति के कार का वजन 9000 किलो से अधिक होता है और इसकी कीमत करीब डेढ़ मिलियन डॉलर रखी गई है। यह कार इतनी सुरक्षित है कि इसपर विस्फोट ही नहीं, केमिकल अटैक तक का असर नहीं होता है।

दरवाजे के हैंडल में लगा है करंट

अमेरिका के राष्ट्रपति लिमोजिन के नए मॉडल का इस्तेमाल करते हैं। 2014 से इसे राष्ट्रपति के इस्तेमाल के लिए लाया गया था। 2018 से इसका इस्तेमाल डोनाल्ड ट्रंप कर रहे हैं। उसके बाद इसमें जो बाइडेन चला करते थे। अमेरिकी राष्ट्रपति के कार ‘द बीस्ट’ में नाइट विजन सिस्टम होता है। इसके अलावा इस कार पर आंसू गैस फायरिंग कैपेसिटी भी लगी होती है। सिर्फ इतना ही नहीं इस कार के दरवाजे के हैंडल में करंट तक लाया जा सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति के कार की खिड़कियां 3 इंच मोटी होती है और 8 इंच मोटा इसका कवच होता है।

डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण में कौन-कौन शामिल होगा, भारत से जाएंगे यह मंत्री

बिना टायर कई किलोमीटर दौड़ सकती कार

अमेरिकी राष्ट्रपति के कार में खून भी मौजूद होता है। अमेरिका के राष्ट्रपति का जो ब्लड ग्रुप होता है, इस ग्रुप का ब्लड इस कार के अंदर रखा जाता है। इसी कार के अंदर मेडिकल सुविधाएं भी होती है। लिमोजिन कार में एक साथ 7 लोग बैठ सकते हैं। इस कार को लेटेस्ट टेक्नोलॉजी से लैस किया गया है। ‘द बीस्ट’ कार के टायर की भी कई खूबियां होती है। माना जाता है कि अगर टायर पर गोली मार दी जाए या फिर ब्लास्ट हो जाए, तब भी बिना टायर के यह कार कई किलोमीटर तक जा सकती है। बीस्ट कार को जीरो से 100 किलोमीटर की रफ्तार पकड़ने में सिर्फ 15 सेकंड लगते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति के कार के अंदर कई सुरक्षात्मक और जीवनरक्षक उपकरण मौजूद होते हैं। इस कार के अंदर स्मोक स्क्रीन और ऑयल स्किल्स जैसी सुविधाएं भी मौजूद होती हैं। आपातकालीन स्थिति के लिए शॉटगन, रॉकेट ग्रेनेड का भी इस्तेमाल इस कार के माध्यम से किया जा सकता है। इस कार के अंदर एक ऑक्सीजन टैंक भी होता है।