America Firing: अमेरिका में फायरिंग की एक और घटना सामने आई है। सीबीएस से जुड़े एक समाचार चैनल ने बताया कि शनिवार (5 नवंबर) रात फिलाडेल्फिया के केंसिंग्टन और एलेघेनी इलाके में कम से कम 12 लोगों को गोली मार दी गई।

फिलाडेल्फिया के केंसिंग्टन इलाके में एक बार के बाहर फायरिंग की घटना में कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं। यह फायरिंग शनिवार रात ईस्ट एलेघेनी और केंसिंग्टन एवेन्यू के इलाके में हुई। घायलों की मौजूदा हालत के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। इसके साथ ही यह अभी भी साफ नहीं है कि गोली मारने का कारण क्या है।

आरोपी की तलाश जारी: फायरिंग से इलाके में कोहराम मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए यहां वहां भागने लगे। फायरिंग की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। गोलीबारी में घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इस घटना की तस्वीरों और वीडियों को लोगों ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है।

फिलाडेल्फिया पुलिस विभाग के एक इंस्पेक्टर ने कहा कि पीड़ितों को केंसिंग्टन और एलेघेनी एवेन्यू के पास गोली मारी गई थी। उनकी मेडिकल कंडीशन के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस के मुताबिक ये फायरिंग शनिवार रात 11 बजे से कुछ पहले हुई। पुलिस इस मामले में अभी किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

जो बाइडेन ने बंदूक हिंसा पर व्यक्त की थी पीड़ा: पिछले दिनों अमेरिका में फ्लोरिडा के टाम्पा शहर में भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें गोली लगने से एक शख्स की जान चली गई थी, जबकि 6 लोग जख्मी हो गए थे। पुलिस ने बताया था कि गोलीबारी एक बार लाउंज के अंदर दो पक्षों के बीच कहासुनी के चलते हुई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने उत्तरी कैरोलिना के रैले में हाल ही में हुई बंदूक हिंसा पर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी, जिसमें पांच लोग मारे गए थे और दो घायल हो गए थे।

जो बाइडेन ने अपने बयान में कहा था, “बस हो गया। हमने बहुत से परिवारों के साथ शोक और प्रार्थना की है जिन्हें इन सामूहिक गोलीबारी का भयानक बोझ उठाना पड़ा है।” उन्होंने अमेरिका में बड़े पैमाने पर हुई गोलीबारी की निंदा करते हुए कहा कि बंदूक की हिंसा इतनी होती है कि कई हत्याएं अब खबर भी नहीं बनती हैं।