उत्तरी नाइजीरिया के शहर कानो के पास शुक्रवार को शिया मुस्लिम समुदाय के एक जुलूस में एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट कर उड़ा लिया जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गयी।

शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर दक्षिण में दकासोये गांव में यह हमला हुआ जिस दौरान इस्लामिक मूवमेंट ऑफ नाइजीरिया के अनुयायी मार्च निकाल रहे थे। कानो से जरिया तक हजारों लोगों के मार्च की अगुवाई कर रहे मुहम्मद तुरी ने कहा कि हमारे जुलूस पर आत्मघाती हमला हुआ।

उन्होंने बताया, हमारे 21 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। हमें इस बात की हैरानी नहीं है कि पूरे देश के हालात के चलते हमें निशाना बनाया गया।