देश में लोकसभा चुनाव का माहौल गर्म है। हर तरफ इस बात की चर्चा हो रही है कि कौन सी पार्टी जीतेगी या फिर कौन पीएम बनेगा। लोग अपने स्तर से आंकलन के साथ ही भविष्यवाणियां भी कर रहे हैं। किसी के अनुसार प्रधानमंत्री की कुर्सी फिर से नरेंद्र मोदी को मिलेगी तो किसी का मानना है कि इस चुनाव में उनका जादू फीका पड़ सकता है। हालांकि इन तमाम तरह की भविष्यवाणियों के बीच एक ऐसी भविष्यवाणी भी हुई थी जो आज से 450 साल पहले विख्यात नास्त्रेदमस की तरफ से की गई थी। इस भविष्यवाणी की चर्चा 2014 लोकसभा चुनावों से हो रही है। नास्त्रेदमस की किताब ‘द प्रोफेसीज’ में इस भविष्यवाणी के अंश मिलते हैं जिसमे कहा गया है कि, ‘भारत में एक ऐसे व्यक्ति का जन्म होगा जो पूर्व के सभी राष्ट्रों पर हावी होगा। जिसका राज सन् 2014 से लेकर 2026 तक रहेगा। और वही शख्स भारत का प्रधानमंत्री बनेगा। उससे भयभीत होकर कई महाशक्तियां और दो देश मिलकर उसे सत्ता में आने से रोकेंगे पर वह सभी के मंसूबों को असफल करता हुआ फिर से सत्ता में काबिज होगा।’
नास्त्रेदमस की इस भविष्यवाणी को लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जोड़कर देखते हैं। दरअसल नास्त्रेदमस की इस भविष्यवाणी में इस बात की भी चर्चा है कि, ‘उस इंसान का जन्म तीनों ओर से समुद्र से घिरे हुए किसी क्षेत्र में होगा। उसकी प्रसिद्धि बढ़ती जाएगी और भूमि व समुद्र में उससे शक्तिशाली कोई न होगा।’ भविष्यवाणी में ये भी कहा गया है कि वह नेता उस क्षेत्र में जन्म लेगा जिसका नाम महासागर के नाम पर होगा जैसे कि हिंद मासागर के नाम पर हिंदुस्तान। हालांकि कुछ विद्वानों का मानना है कि यह नेता चीन से भी हो सकता है।
बता दें कि दुनिया की सबसे सटीक भविष्यवाणी करने वाले भविष्य वक्ताओं में माइकल दि नास्त्रेदमस का नाम पहले नंबर पर आता है। नास्त्रेदमस की सटीक भविष्यवाणियों पर आज तक रहस्य बना हुआ है। समय-समय पर उनकी भविष्यवाणियों को कई घटनाओं से जोड़कर भी देखा जाता रहा है। जैसे तानाशाह हिटलर को लेकर की गई भविष्यवाणी, परमाणु बम का अविष्कार, द्वितीय विश्व युद्ध के साथ-साथ तृतीय विश्व युद्ध कब होगा, अमेरिका के 9/11 हमले जैसी कई बड़ी घटनाओं के बारे में उन्होंने पहले ही बता दिया था।
