राशिचक्र की चतुर्थ राशि है कर्क, जिसके स्वामी ग्रह मन, धन और संवेदना के स्वामी चन्द्रदेव हैं। साल के आगाज़ पर चंद्रमा शनि की राशि मकर में चलायमान होगा। विधाता का संकेत है कि यह साल आपके आर्थिक उतार और चढ़ाव दोनो की नई दास्तान लिखेगा। शनि साल की शुरुआत से 26 जनवरी तक मंगल की राशि वृश्चिक में गतिशील रहेंगे। यह शनि व्यवसायिक कामयाबी सुनिश्चित करता है। शनिदेव 26 तारीख़ को देवगुरु बृहस्पति की राशि धनु में प्रविष्ट होंगे, तब वहां, वो नया झमेला खड़ा करेंगे। लौह पाद का छठा शनि करियर और उद्यम में प्रगति का कारक होता है। ये धन के लाभ और ख़र्च दोनो के लिये जाना जाता है। 21 मई को शनि वक्री होकर जब पुनः वृश्चिक में जायेगा, रजत पाद का पंचम शनि संतान को मामूली कष्ट के साथ उसे करियर में बड़ी कामयाबी दिलायेगा।
18 नवम्बर, 2017 को शनि जब मार्गी होकर पुनः धनु में लौटेगा, तब वह ऋण मुक्ति का मार्ग प्रशस्त कर त्वचा सम्बंधी कष्ट प्रदान करेगा। साल के आरम्भ में राहू सिंह और केतु कुम्भ में गतिशील रहेंगे। रजत पाद का द्वितीय राहु व अष्टम केतु पारिवारिक क्लेश व आर्थिक संकोच प्रदान करता है। 1 अगस्त को जब राहू कर्क में और केतु मकर में जायेंगे, सेहत की बैंड बजायेंगे। देवगुरु वर्षारंभ में बुध की राशि कन्या में चक्रमण करेंगे। रजत पाद का तृतीय गुरु आर्थिक ख़र्चों में इज़ाफ़ा करके, शारीरिक उलझन पैदा करता है। 6 सितम्बर, 2017 को बृहस्पति जब शुक्र की राशि तुला में जायेंगे, बवाल करायेंगे। क्योंकि लौह पाद का चतुर्थ गुरु भूमि, भवन और वाहन से कष्ट का योग निर्मित करता है।
जनवरी
यह माह आपके भाग्योदय का है। इस मास में कुछ समय से चल रहे झमेले का अंत होगा। क़ानूनी रूप से आप विजयी होकर निकलेंगे। यश और कीर्ति को चमक और खनक दोनो मिलेगी।चित्त शांत होगा। स्नेह और प्रेम का आदान प्रदान होगा।
शुभ तिथि- 6, 11, 17, 18, 28
अशुभ तिथि- 2, 8, 9, 13, 14, 23
फरवरी
सम्पर्क के विस्तार से लाभ होगा। रसूख़ बढ़ेगा। तीर्थ यात्रा की योजना बनेगी। राजनीतिज्ञों से नज़दीकियां बढ़ेंगी। करियर में चैन और बेचैनी दोनो छाएगी। किसी की याद आयेगी। आर्थिक पक्ष सबल रहेगा।
शुभ तिथि- 2, 3, 11, 19, 21, 23
अशुभ तिथि- 6, 8, 9, 13, 15, 20
Read Also: वार्षिक राशिफल 2017: जानें कैसा रहेगा अलग-अलग राशियों का भविष्य
मार्च
पारिवारिक आनन्द में वृद्धि होगी। भागदौड़ से थकान होगी। जीवन शैली में प्रगति होगी। आत्मविश्वास मज़बूत होगा। आध्यात्मिक रुचि प्रकट होगी। आर्थिक पक्ष सबल होगा।लग्ज़री का आनन्द प्राप्त होगा।
शुभ तिथि- 3, 7, 19, 24, 25, 26
अशुभ तिथि- 9, 10, 15, 18, 23
अप्रैल
चिर प्रतिक्षित कार्यों में गति आयेगी। अर्थ लाभ होगा। रक्त की कमी होगी। वस्त्रों और जूलरी पर ख़र्च होगा। रुका हुआ धन मिलेगा। विरोधी अंतर्ध्यान हो जायेंगे। व्यक्तित्व में गम्भीरता और ओज की वृद्धि होगी। किसी महत्वपूर्ण कार्य की ज़िम्मेदारी मिलेगी।
शुभ तिथि- 1, 2, 10, 11, 25, 28, 29
अशुभ तिथि- 3, 15, 19, 21, 23, 26
मई
उपहार की प्राप्ति होगी। धन लाभ और ख़र्च दोनो का योग है। करियर के मोर्चे से कोई अच्छी ख़बर आयेगी। कोई पुरानी तमन्ना पूरी होगी। किसी की याद सालों बाद दिल में मीठा दर्द देगी। क़िस्मत मेहरबान है। राजनीति से जुड़े लोगों झंडा बुलंद होगा।
शुभ तिथि- 3, 4, 6, 8, 12, 19, 21
अशुभ तिथि- 10, 17, 18, 27, 28
जून
कार्य क्षेत्र में दबाव बढ़ेगा। अनावश्यक झमेले का योग है। अपनों की चिकित्सा पर खर्च होगा।सही योजना लाभ प्रदान करेगी।धन का आकस्मिक लाभ व अचानक व्यय दोनों की संभावना बनेगी। कोई दोस्त दोस्ती निभा कर जीवन में रंग भरेगा। भाई रंग में भंग करेगा। संतान का सुख मिलेगा।
शुभ तिथि- 1, 2, 10, 18, 22, 28
अशुभ तिथि- 5, 15, 16, 24, 26
Read Also: साल 2017 में घटेंगी आतंकी घटनाएं, भाद्र-आश्विन में छूट सकता है किसी नामी नेता या अभिनेता का साथ
जुलाई
महीना उत्तम रहेगा। मीठे वचन ही कारगर होंगे। शुभ कार्यों में रुचि बढ़ेगी। अभीष्ट की सिद्धि होगी। मन उदास रहेगा। विरोधी मुरीद होंगे। ध्यान और योग में रुचि जगेगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। धन का आकस्मिक लाभ होगा।
शुभ तिथि- 8, 9, 19, 21, 25
अशुभ तिथि- 2, 3, 5, 22, 31
अगस्त
करियर और संपत्ति से सम्बंधित कोई उलझन सर उठाएगी। खर्च बढेगा। पारिवारिक मतभेद बेचैन करेंगे। संतान पर आर्थिक दबाव से उलझन होगी। सेहत का ध्यान रखें। व्यर्थ दौड़ धूप से हैरान होंगे। पारिवारिक सहयोग न मिलने से मन भारी रहेगा। कर्म का फल मिलेगा।
शुभ तिथि- 5, 6, 12, 13, 21, 22, 31
अशुभ तिथि- 1, 2, 8, 17, 27, 28
सितम्बर
इस महीने कोई विशिष्ट कार्य सम्पन्न होगा। दाम्पत्य जीवन में आनन्द रहेगा। अर्थ लाभ होगा। धन उधार हर्ग़िज़ न दें, अन्यथा वापस नहीं मिलेगा। यात्रा की योजना बनेगी। सिनेमा से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
शुभ तिथि- 1, 2, 10, 11, 18, 29, 30
अशुभ तिथि- 6, 7, 15, 24, 26, 27
Read Also: साल 2017 के दो संवत्सरों का मूल्यांकन, नेताओं और अमीरों को प्रभु की याद ज्यादा सताएगी
अक्टूबर
पराक्रम से आर्थिक विकास होगा। सट्टे या अल्पकालिक निवेश से बचें। धन लाभ के लिए छोटे मार्ग न अपनाये, नहीं तो बंटाधार तय है। वैचारिक उलझनें बेचैन करेंगी। श्रम का फल भी मिलेगा और करियर में चुनौतियां भी।
शुभ तिथि- 5, 6, 7, 17, 18, 21, 22
अशुभ तिथि- 3, 4, 12, 14, 30, 31
नवम्बर
यूं तो यह माह आर्थिक दृष्टि से उत्तम है पर अल्पकालिक निवेश से कोसों दूर रहें। अन्यथा लाभ हानि में बदल जायेगा। छोटी छोटी चुनौतियां सर उठाएँगीं। ऋण से राहत मिलेगी| श्रम का फल मध्यम मिलेगा। मानसिक उलझनें भी उत्पन्न होंगी। कला के प्रति रुझान होगा।
शुभ तिथि- 7, 8, 9, 14, 15, 27, 28
अशुभ तिथि- 1, 2, 11, 13, 21, 22
दिसंबर
सम्पत्ति से सम्बंधित विवाद सर घुमायेगा।सही योजना शत्रुओं को पटखनी देगी। करियर में उलझने सर उठाएँगीं। किसी की याद आयेगी। कुछ उदास सा रहेगा। शरीर के निचले भाग में कष्ट हो सकता है| गुप्त शत्रुओं से सतर्क रहें|
शुभ तिथि- 3, 5, 6, 12, 19, 24
अशुभ तिथि- 7, 9, 15, 17, 26
उपाय- नित्य प्रातः गर्म जल का सेवन और चावल-शक्कर का दान लाभ प्रदान करेगा, ऐसा मैं नहीं ज्योतिषीय मान्यताएं कहती हैं|