World Vitiligo Day 2023: विटिलिगो या सफेद दाग, त्वचा से जुड़ा एक ऐसा गंभीर विकार है जिससे पीड़ित व्यक्ति की स्किन अपनी रंगत खोने लगती है। इसे लेकर समाज में कई सारे मिथ हैं। कई जगहों पर तो आज भी विटिलिगो को छुआछूत की बीमारी माना जाता है। हालांकि, यह एक ऑटोइम्यून डिजीज है, जो किसी भी व्यक्ति को किसी भी उम्र में हो सकती है। यही वजह है कि विटिलिगो के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने और इससे पीड़ित व्यक्ति को इन तमाम गलत धारणाओं से मुक्ती दिलाने के लिए हर साल 25 जून को विश्व विटिलिगो दिवस मनाया जाता है। इस खास मौके पर आइए जानते हैं इस बीमारी के बारे में विस्तार से, साथ ही जानेंगे इसके लक्षण और बचाव के तरीके-
क्या है विटिलिगो?
आसान भाषा में समझें तो विटिलिगो एक क्रोनिक ऑटोइम्यून डिसऑर्डर है। इससे पीड़ित शख्स की बॉडी पर जगह-जगह सफेद दाग दिखाई देने लगते हैं। इनकी शुरुआत हाथ और पैरों से होती है और फिर ये धीरे-धीरे शरीर के अन्य हिस्सों जैसे चेहरे, पेट, गर्दन आदि पर फैलने लगते हैं। कई बार पीड़ित व्यक्ति के सिर और भौहों पर भी इसका असर देखने को मिलता है, ऐसे में उनके बाल तक सफेद हो जाते हैं।
क्यों होती है विटिलिगो बीमारी?
विटिलिगो होने का मुख्य कारण मेलेनोसाइट्स कोशिकाओं का नष्ट होना है। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो हमारे शरीर की एंटीबॉडी मेलानोसाइट्स पर हमला कर उन्हें नष्ट कर देती हैं। ये कोशिकाएं स्किन को प्राकृतिक रंग देने में मदद करती है, यही वजह है कि इनके नष्ट होने की वजह से त्वचा रंग बदलने लगती है। वैसे तो ये बीमारी जीन के जरिए फैमिली में एक मेमंबर से दूसरे मेंबर में फैलती है। यानी अगर माता-पिता में से किसी एक को विटिलिगो है, तो संभव है कि उनके बच्चे को भी इससे जूझना पड़ सकता है। जिन लोगों को फंगल इंफेक्शन की समस्या होती है, उनके शरीर में भी सफेद दाग होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसके अलावा जब शरीर में ऑक्सीजन अणुओं और एंटीऑक्सीडेंट का संतुलन बिगड़ जाता है, तो इससे भी विटिलिगो की स्थिति बनने लगती है। वहीं, सनबर्न या किसी केमिकल के कारण से समस्या अधिक बढ़ सकती है।
ये लक्षण दिखें, तो हो जाएं सावधान:
विटिलिगो की शुरुआत में त्वाचा अपना नेचुरल रंग खोने लगती है। वहीं, इसके शुरुआती लक्षण सबसे पहले आंखों के ऊपर, कोहनी, मुंह या नाक के आसपास दिखाई देते हैं। साथ ही सिर पर सफेद धब्बों के साथ बालों का रंग भी सफेद होने लगता है। अगर बॉडी में ये लक्षण दिखें तो घबराएं नहीं, विटिलिगो कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। आज के समय में विटिलिगो को पूरी तरह से सही करने के लिए तमाम तरह के इलाज और थेरेपी उपलब्ध हैं। ऐसे में यह समस्या होने पर बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।