हरी प्याज जिसे स्प्रिंग ऑनियन भी कहा जाता है। ये प्याज सर्दी और बसंत के मौसम में ज्यादा पाई जाती है। ये एक प्रकार की सब्जी है जो प्याज के पौधे के कम उम्र में होने पर इस्तेमाल की जाती है। इसमें सफेद बल्ब और लंबी हरी पत्तियां होती हैं। इस सब्जी का हल्का तीखा स्वाद खाने में मजेदार लगता है। इस सब्जी का सेवन लोग पत्तों के साथ सलाद, चाट, सूप, नूडल्स, फ्राइड राइस, पराठे और सब्जी बनाकर करते हैं। इस सब्जी में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें  विटामिन C, विटामिन K, फाइबर, और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं जो इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं और पाचन को दुरुस्त करते हैं। यह स्वादिष्ट और सेहतमंद सब्जी है जो दिल की सेहत का भी ध्यान रखती है।

हरा प्याज पोषक तत्वों से भरपूर सब्जी हैं जो आंखों की हेल्थ को भी दुरुस्त करती है। इसे खाने से हड्डियां मजबूत होती है और स्किन चमकदार बनती है। इसे खाने से कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव होता है। पाचन से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में ये सब्जी बेहद असरदार साबित होती है।

एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झाजर ने बताया सर्दी के मौसम में ये सब्जी बीमारियों से बचाव करती है। बदलते मौसम में कमजोर इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में ये सब्जी जादुई असर करती है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि बदलते मौसम में इस सब्जी को खाने से सेहत को कौन-कौन से फायदे होते हैं।

आंखों की हेल्थ रहती है दुरुस्त

हरी प्याज में ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन जैसे कैरोटीनॉयड के अलावा विटामिन ए भी मौजूद होता है, जो आंखों को हेल्दी रखने में मदद करता है। इसका सेवन करने से आंखों की सूजन कंट्रोल रहती है। ये मैक्यूलर डिजनरेशन से लड़ते हैं। मैक्यूलर डिजनरेशन एक नेत्र रोग है जो आंखों की रेटिना के केंद्र में स्थित मैक्युला को प्रभावित करता है। यह सेंट्रल विजन को कमजोर कर देता है जिससे पढ़ने, गाड़ी चलाने और चेहरे पहचानने में परेशानी होती हैं।

पाचन रहता है दुरुस्त

रोजाना हरी प्याज का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। फाइबर रिच ये प्याज आपको गैस्ट्रिटिस, एसिडिटी, कब्ज और गंभीर पाचन समस्याओं से निजात दिलाती हैं। पाचन को दुरुस्त करने के लिए आप रोजाना हरी प्याज का सेवन कर सकते हैं। हरे प्याज में मौजूद फाइबर मल की गति को आसान करता है और पाचन तंत्र सक्रिय करता है। इसे खाने से आंत की सेहत भी दुरुस्त रहती है। पाचन से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों को दिन में दो बार, सुबह और शाम, 20-30 ग्राम हरा प्याज खाना चाहिए। आप इसे दोपहर के भोजन या रात के खाने में दूसरी सब्जियों के साथ खा सकते हैं। आप इस प्याज का सेवन कच्चा और पका कर दोनों तरह कर सकते हैं।

ब्लड प्रेशर रहता है नॉर्मल

हरे पत्तों वाली इस प्याज का सेवन करने से ब्लड प्रेशर भी नॉर्मल रहता है।  इसमें पोटैशियम मौजूद होता है जो ब्लड वैसल्स को रिलैक्स करता है और  ब्लड सर्कुलेशन में सुधार करता है। इसमें मौजूद पोटैशियम हमारे ब्लड में मौजूद सोडियम को कंट्रोल करता है जिससे बीपी नॉर्मल होता है।

स्किन की रंगत में आती है निखार

सर्द मौसम में स्किन बहुत ड्राई और डल दिखती है ऐसे में अगर आप हरी प्याज का सेवन करते हैं तो आपकी रंगत में निखार आता है। विटामिन सी और विटामिन ए से भरपूर ये प्याज स्किन की ड्राईनेस दूर करती है और स्किन को हेल्दी बनाती है।

मौसमी बीमारियों से होता है बचाव

बदलते मौसम में सर्दी जुकाम और खांसी बहुत परेशान करती है। इस मौसम में अगर प्याज का सेवन किया जाए तो इन परेशानियों से निजात मिलती है। ये प्याज  एंटीबायोटिक की तरह काम करती है। एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर ये प्याज बॉडी में मौजूद सूजन को कंट्रोल करने में असरदार साबित होती है। इसका सेवन करने से जोड़ों के दर्द और सूजन से निजात मिलती है।

वजन रहता है कंट्रोल

सर्दी में वजन तेजी से बढ़ने लगता है ऐसे में हरी प्याज का सेवन असरदार साबित होता है। इस प्याज का सेवन करने से मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन C मौजूद होता है जो मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है और फैट बर्न करने की प्रक्रिया को तेज करता है। इसे खाने के बाद आपका वजन कम करना आसान हो जाता है। 

सुबह उठते ही हल्दी और नीम की 2 गोली को खा लें, बॉडी में जमा सारे कीटाणु हो जाएंगे खत्म, गट हेल्थ रहेगी दुरुस्त। इन दोनों हर्ब की पूरी जानकारी हासिल करने के लिए आप लिंक में क्लिक करें।