गर्मी के दिनों में हम अपनी डाइट में ठंडा पीने पर बहुत ध्यान देते हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर रात तक हम चाहते हैं कि डाइट में कुछ न कुछ ठंडा पीते रहें। गर्मी में सॉलिड फूड्स से ज्यादा हम लिक्विड फूड्स पर ज्यादा ध्यान देते हैं। दिन की शुरुआत ज्यादातर लोग फलों के जूस से करना पसंद करते हैं। फलों का जूस तुरंत पेट को भर देता है, साथ ही बॉडी को ठंडा भी करता है। लेकिन आप जानते हैं कि सुबह के समय सबसे पहले फ्रूट जूस का सेवन आपकी बॉडी में कई तरह की परेशानियां पैदा करता है।
बहुत से लोग सुबह सबसे पहले फ्रूट जूस पीते हैं, उनका मानना है कि फ्रूट जूस से दिन की शुरुआत करना बेहतरीन तरीका है। रूबी हॉल क्लिनिक, पुणे की जनरल फिजिशियन डॉ. लता पाटिल के अनुसार सुबह खाली पेट फलों का जूस पीने से सेहत पर कई तरह के साइड इफेक्ट देखने को मिलते है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि रोजाना खाली पेट फ्रूट जूस का सेवन करने से बॉडी पर क्या असर होता है।
दांतों को पहुंचता है नुकसान
डॉ. पाटिल ने बताया कि फलों के जूस का रोजाना सेवन करने से दांतों को नुकसान पहुंच सकता है। फलों के जूस की एसिडिटी दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे कैविटी का खतरा बढ़ जाता है। फलों के जूस में मौजूद एसिड दांतों के इनेमल को कमजोर कर देते है जिससे दांतों को नुकसान होने की आशंका बढ़ जाती है।
ब्लड शुगर बढ़ सकती है
जूस में कंसन्ट्रेटेड शुगर मौजूद होती है जो ब्लड शुगर को स्पाइक करने में असरदार है। ब्लड में शुगर का स्तर हाई होने से बॉडी में थकान बढ़ने लगती है और बॉडी में कमजोरी हो जाती है।
पोषक तत्वों का बढ़ सकता है असंतुलन
जूस में फाइबर की मात्रा कम हो जाती है और सिर्फ उसका रस रह जाता है जिसका सेवन करने से बॉडी को सिर्फ शुगर मिलता है। फ्रूट्स में मौजूद फाइबर पाचन को दुरुस्त रखने और ब्लड शुगर को नॉर्मल रखने में असरदार है।
फलों के जूस का सेवन करने का बेहतर समय कौन सा है?
विटामिन और मिनरल्स से भरपूर फलों का जूस बॉडी को हाइड्रेट रखने के लिए बेहतरीन जूस है। एक्सपर्ट के मुताबिक फलों के जूस का सेवन करने का सबसे बेहतर समय खाने के साथ और खाने के बाद करना है।
सही समय पर जूस पीने से मिलते हैं ये फायदे
डॉ. पाटिल ने बताया अगर जूस का सेवन सही समय पर किया जाए तो बॉडी को कई तरह से फायदा होता है।
पोषक तत्वों में होती है बढ़ोतरी
रोजाना फ्रूट जूस का सेवन करने से बॉडी में पोषक तत्वों में बढ़ोतरी होती है। अगर आप खाने के साथ जूस का सेवन करते हैं तो न सिर्फ खाने से बॉडी के लिए फायदेमंद पोषक तत्वों को अवशोषित कर सकते हैं बल्कि विटामिन और खनिजों को भी अवशोषित कर सकते हैं।
पेट भरा हुआ होता है महसूस
भोजन के साथ जूस का सेवन करने से स्वाद में बढ़ोतरी होती है, भूख शांत होती है और वजन भी कंट्रोल करने में मदद मिलती है। संतुलित आहार में फलों के जूस को शामिल करने से आवश्यक पोषक तत्वों का सेवन बढ़ सकता है।
खाली पेट जूस नहीं बल्कि इन फूड्स का करें सेवन
- डॉ. पाटिल ने सुबह सबसे पहले फलों का जूस पीने के बजाए फ्रूट का सेवन करने की सलाह दी है। फाइबर और विटामिन से भरपूर फल बॉडी को लम्बे समय तक एनर्जी देते हैं। आप रोजाना एक सीजनल फ्रूट का सेवन कर सकते हैं।
- फलों का सेवन उसकी स्मूदी बनाकर करें। फलों को स्मूदी के रूप में खाकर आप बॉडी के लिए जरूरी प्रोटीन या हेल्दी फैट को हासिल कर सकते हैं। इस स्मूदी का सेवन आप दही या दूध के साथ करें।
- आप सुबह खाली पेट नींबू पानी का सेवन करें। नींबू का पानी बॉडी को हाइड्रेट करता है और बॉडी को कई तरह से फायदा भी पहुंचाता है।